MP Viral News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां करवा चौथ का त्योहार पति-पत्नी के बीच झगड़े की वजह बन गया. बदरवास थाना क्षेत्र के विजरावन गांव के बारेलाल आदिवासी ने अपनी पत्नी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है. बारेलाल आदिवासी का आरोप है कि उसकी पत्नी मिथलेश आदिवासी ने करवा चौथ का निर्जला व्रत नहीं रखा और रात में चांद की पूजा भी नहीं की. बारेलाल ने थाने में आवेदन देकर कहा – साहब! मेरी पत्नी ने मेरे लिए करवा चौथ का व्रत नहीं रखा. आमतौर पर इस तरह के पारिवारिक मामले घर में ही सुलझा लिए जाते हैं, लेकिन बारेलाल सीधे पुलिस के पास पहुंच गया, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया.
पति ने जताई अनहोनी की आशंका
शिकायत में बारेलाल ने सिर्फ व्रत न रखने की बात नहीं कही, बल्कि गंभीर आरोप भी लगाए. उसका कहना है कि करवा चौथ पर पत्नी पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती है, लेकिन व्रत न रखकर पत्नी ने साबित कर दिया कि वह उसके प्रति समर्पित नहीं है. बारेलाल ने पुलिस के सामने आशंका जताई कि उसकी पत्नी उसे नुकसान पहुंचाना चाहती है. इस बात से आहत होकर उसने पत्नी से सारे रिश्ते तोड़ने और तलाक देने तक की बात कह दी है. परिवार के करीबी लोगों का कहना है कि यह विवाद सिर्फ एक दिन का नहीं है, बल्कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से तनाव और अविश्वास चल रहा था, और करवा चौथ ने उस तनाव को बाहर ला दिया.
ये भी पढ़ें: हाथों में बड़े-बड़े सांप, चेहरे पर शिकन तक नहीं! वायरल वीडियो में दिखा हैरान करने वाला नजारा
पुलिस ने दूर कराई गलतफहमी
कानूनी तौर पर करवा चौथ का व्रत रखना या न रखना पूरी तरह व्यक्तिगत स्वतंत्रता है, इसके लिए कोई सजा का प्रावधान नहीं है. इसे समझते हुए बदरवास पुलिस ने इसे अपराध की श्रेणी में नहीं रखा. कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा ने बताया कि पुलिस का पहला मकसद परिवार को टूटने से बचाना है. इसलिए इस मामले में FIR दर्ज करने के बजाय महिला परामर्श केंद्र के जरिए काउंसलिंग कराई जाएगी. एक वरिष्ठ महिला अधिकारी दोनों पति-पत्नी को आमने-सामने बैठाकर उनकी गलतफहमी दूर करने की कोशिश करेगी. पुलिस का मानना है कि व्रत न रखना सिर्फ ऊपरी कारण है, असली वजह आपसी संवाद की कमी या घरेलू खींचतान हो सकती है.
ये भी पढ़ें: बंद फ्लैट, तेज दुर्गंध और… विरार में एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की मौत से मचा हड़कंप