Shehdol Crime News: मध्य प्रदेश के शहडोल में दिल को दहला देने वाला एक मामला सामने आया है. यहां एक 32 वर्षीय महिला ने अपनी तीन बेटियों को जहर खिलाया. इसके बाद खुद भी जहर खाकर अपनी जिंदगी खत्म कर दिया. एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शहडोल जिला मुख्यालय से 125 किलोमीटर दूर ब्योहारी इलाके में पपौंध पुलिस थाना क्षेत्र में आने वाले हिरवार गांव में शनिवार को ये घटना हुई थी.
शनिवार रात 32 वर्षीय अनीता ने पहले अपनी तीन बेटियों को कीटनाशक दवा खिलाई. इसके बाद खुद भी कीटनाशक खा लिया. 4 वर्षीय रीतिका और 2 वर्षीय कृष्णकुमारी की मौके पर ही मौत हो गई. इसके कुछ देर बाद ही महिला की भी मौत हो गई. वहीं इलाज के दौरान उसकी तीसरी बेटी ने भी दम तोड़ दिया.
SHO ने दी जानकारी
इस बारे में जानकारी देते हुए SHO ने बताया कि एक महिला ने अपनी तीन बेटियों को जहर खिलाकर खुद भी कीटनाशक खा लिया था. सबको लेकर अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने महिला और उसकी दो बेटियों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया था. वहीं रविवार को अर्पिता की भी मौत हो गई.
बड़ी बेटी ने पड़ोसियों को क्या बताया?
कहा जा रहा है कि अनीता की बड़ी बेटी अर्पिता ने पड़ोसियों को बताया था कि उसकी मां ने सबको कीटनाशक दे दिया था. इसके बाद मां ने घर में रखे दस्तावेज़ों, तस्वीरों और कपड़ों के साथ ही अनाज में भी आग लगा दी थी. हालांकि वो उन्हें इसका कारण बताती उससे पहले ही उसकी हालत काफी ज्यादा खराब होने लगा. पुलिस ने इस बारे में बताया कि घटनास्थल से एल्यूमीनियम फॉस्फाइड का एक पैकेट बरामद किया गया है.
जांच में हुआ ये खुलासा
मामले में जांच करते हुए पुलिस को पड़ोसियों से पता चला है कि अनीता अपने बच्चों के साथ अपने ससुराल वालों से अलग रहती थी. उसका पति एक ड्राइवर है और घटना के समय वो हैदराबाद गया हुआ था. वहीं पुलिस ने महिला के रिश्तेदारों का बयान दर्ज कर लिया है. इस मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. वहीं महिला के पति को भी इस बारे में सूचना दे दी गई है.