Watch Video: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में बुधवार को उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब नर्सिंग छात्रों के परीक्षा परिणाम को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया. दर्जनों छात्रों के फेल होने से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता कॉलेज प्रशासन से जवाब मांगने पहुंचे थे लेकिन यहां बातचीत के बजाय दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
प्रिंसिपल से मिलने पहुंचे छात्र नेता
जालौन मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग छात्रों के फेल होने पर बवाल, ABVP छात्रों और कॉलेज प्रशासन में मारपीट; 2 कंपनी PAC तैनात जालौन। उरई स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग के दर्जनों छात्रों के फेल होने को लेकर जमकर हंगामा हो गया। अपनी शिकायत लेकर https://t.co/cwlhbqBA2q
— Shiva Chilli…✍️ (@shivachilli) November 18, 2026
जानकारी के मुताबिक, नर्सिंग के सेकंड लास्ट सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में करीब 50 फीसदी छात्रों के असफल होने की बात सामने आई है. इसी को लेकर छात्र अपनी शिकायत लेकर ABVP कार्यकर्ताओं के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे. उन्होंने प्रिंसिपल अरविंद त्रिवेदी के सामने परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी का मुद्दा उठाया. बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी. आरोप है कि इसी बीच कॉलेज के कर्मचारियों और जूनियर डॉक्टरों ने ABVP कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की और उन्हें कथित तौर पर परिसर में रोक लिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को बाहर निकाला.
प्रिंसिपल ने लगाए आरोप
विवाद के बाद मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल अरविंद त्रिवेदी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि कुछ बाहरी लोग उनके कार्यालय में घुस आए थे और वहां हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की. उन्होंने यह भी कहा कि नर्सिंग की परीक्षा और परिणाम जारी करने की जिम्मेदारी मेडिकल कॉलेज की नहीं बल्कि विश्वविद्यालय स्तर की है. उनके मुताबिक, बीएससी नर्सिंग का शैक्षणिक प्रबंधन भी मेडिकल कॉलेज से अलग है.
तनाव बढ़ा तो PAC ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. जालौन के एसपी सुरेश चंद्र रावत ने भी मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग के सेकंड लास्ट सेमेस्टर के लगभग 50 फीसदी छात्र फेल हो गए. इसके कारण छात्रों और छात्र नेताओं ने प्रिंसिपल से मुलाकात की. इसी दौरान विवाद हुआ. विवाद के बाद मौके पर PAC तैनात की गई है.
ये भी पढ़ें: रिश्तेदारों को वंदे भारत में छोड़ने गए थे 13 लोग, लगा 36 हजार का जुर्माना; मामले ने इंटनेट पर मचाया तहलका