Odisha News: ओडिशा के नयागढ़ जिले से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है. ओडागांव थाना क्षेत्र के कदलीबंध इलाके में कथित अवैध पत्थर खनन का विरोध करने को लेकर एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने इस संदर्भ में दो लोगों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरु कर दी है
पुलिस ने मृतक की पहचान बिजय मंडप साही निवासी अजीत साहू के रुप में हुई है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कदलीबंध और आसपास के इलाकों में लंबे समय से अवैध पत्थर खनन का काम धड़ल्ले से चल रहा था, जिसका विरोध कई ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे. कुछ ग्रामीणों ने पत्थर लदे वाहनों को रोककर इसकी सूचना पुलिस को दी थी.
तीखी कहासुनी के बीच हिंसा
इसी दौरान वाद-विवाद अचानक हिंसा का रुप ले लेती है. कई युवक मौके की नजाकत को देखते हुए मौके से भागने में सफल हो जाते है, लेकिन अजीत साहू कथित तौर पर हमलावरों के हाथ लग जाता है. जिसके बाद धारदार हथियारों से हमला करके अजीत साहू को मौत के घाट उतार दिया जाता है. घटना स्थल से खून के निशान और गंभीर संघर्ष के संकेत मिले है.
ग्रामीणों में भारी आक्रोश सड़क पर उतरे लोग
आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर गए. और उन्होंने नयागढ़-ओडागांव मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, मृतक के परिवार को न्याय और क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस बल मौके पर तैनात
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालते हुए उचित कार्रवाई और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया. पुलिस ने ओडागांव थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है,और दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.