Kota Crime: राजस्थान के कोटा में बीटेक छात्र भुवनेश नागर की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है. वारदात के बाद से फरार चल रहे दो आरोपियों को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है. वहीं एक नाबालिग को पुलिस ने निरुद्ध किया है. पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जयपुर चले गए थे और वहां एक फैक्ट्री में काम कर रहे थे. तकनीकी जानकारी और मुखबिरों से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया. इस मामले में दो आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया गया था.
कब हुई थी हत्या?
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को कोटा के अनंतपुरा थाना क्षेत्र स्थित सुभाष नगर में कान्हा मैरिज गार्डन के पीछे भुवनेश नागर पर चाकुओं से हमला किया गया था. गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई थी. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय राहुल सूर्यवंशी उर्फ बच्चा और 20 वर्षीय सागर मीणा के रूप में हुई है. इनके साथ मौजूद एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है.
पुरानी दुश्मनी के कारण हत्या?
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि भुवनेश और राहुल के बीच कई महीने से विवाद चल रहा था. भुवनेश के पिता संजीव नागर ने अपनी शिकायत में बताया था कि करीब सात-आठ महीने पहले दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था. इस दौरान राहुल को चाकू लगने की बात भी सामने आई थी. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राहुल ने मार्च 2026 की एक घटना का जिक्र किया. उसका आरोप था कि भुवनेश ने अपने दोस्तों अर्जुन और बिहू के साथ मिलकर उस पर चाकू से हमला किया था. इस घटना को लेकर राहुल ने अनंतपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस को शक है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते भुवनेश की हत्या की गई.
दोस्त से मिलने निकला था भुवनेश
शिकायत के अनुसार, 5 अक्टूबर को भुवनेश अपने दोस्त अजय सुक्खा से मिलने दीनदयाल उपाध्याय नगर गया था. इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर उसे घेरकर चाकुओं से हमला कर दिया. इस हमले में उसकी जान चली गई. आरोपियों की तलाश में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज की जांच की. जांच के दौरान आरोपियों के जयपुर में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने फैक्ट्री में दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया. अब उनसे पूछताछ की जा रही है.
ये भी पढ़ें: Greater Noida PNB Fraud: किसी की जिंदगीभर की कमाई, किसी की FD पर हाथ साफ! PNB में 35 करोड़ का घोटाला