Ayodhya Rape Case: उत्तर प्रदेश (UP News) के अयोध्या से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां अयोध्या के बीकापुर कोतवाली इलाके में 23 साल की महिला को कथित तौर पर नशीला पदार्थ खिलाया गया और उसके बाद उसकी अश्लील तस्वीरें ली गई. इसके बाद उसे ब्लैकमेल किया गया और उससे पैसे ऐंठे गए. इसके अलावा, ये भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि बारी-बारी से पीड़िता के साथ दुष्कर्म भी किया गया है.
सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया है. आरोपियों में एक अग्निवीर सैनिक भी शामिल है.
पीड़िता ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
पीड़िता ने कोतवाली थाने पहुंचकर एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पीड़िता ने बताया कि दीपक चौरसिया एक अग्निवीर सैनिक है और महवा का रहने वाला है. जिसने आपत्तिजनक तस्वीरें ली थीं. इन तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर उसने कथित तौर पर महिला के साथ गलत हरकत की. इसके बाद दीपक चौरसिया ने ये तस्वीरें तरुण थाना क्षेत्र के खमपुर निवासी सौरभ को भेज दीं. इसके बाद सौरभ ने भी महिला को धमकी दी और उसके साथ बलात्कार किया. उसने महिला से पैसे भी ऐंठे और तस्वीरें तरुण थाना क्षेत्र के ही नंदपुर बालापुर निवासी उमेश पांडे को भेज दीं. उमेश ने भी महिला को धमकी दी और उसके साथ बलात्कार किया.
इंस्पेक्टर अमरेंद्र बहादुर सिंह ने क्या कहा?
इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए इंस्पेक्टर अमरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि महिला की लिखित शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ कानून की गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जिसमें बलात्कार के आरोप भी शामिल हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की. प्रभारी निरीक्षक ने आगे बताया कि मुख्य आरोपी दीपक चौरसिया एक अग्निवीर सैनिक है. उसकी शादी अभी दो दिन पहले ही हुई थी. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया.