Muzaffarnagar Viral Video: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. जिसमें 2 युवक शराब के नशे में धुत नजर आ रहे थे. जिसमें वो महिलाओं के साथ बदसलूकी करते हुए नजर आ रहे थे. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पूरा मामला क्या है? आइए जानते हैं. दरअसल, पूरा मामला उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के कोतवाली इलाके की नई मंडी का बताया जा रहा है. जहां शुक्रवार देर रात एक मां और बेटी के साथ बदसलूकी और उत्पीड़न किया गया.
आरोप है कि इस घटना को अंजाम देने वालों में से बीजेपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री का बेटा भी शामिल था. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मां और बेटी रात करीब 10:00 बजे खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर टहल रही थीं. उसी समय स्कूटर पर सवार दो युवक वहां पहुंचे. शुरू में तो वे महिलाओं को देखकर आगे निकल गए, लेकिन थोड़ी देर बाद वे वापस लौटे. अपना स्कूटर ठीक घर के सामने रोका और अभद्र व्यवहार करने लगे. आरोप है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे. उन्होंने मां और बेटी को गालियां दीं और आपत्तिजनक बातें कहीं.
Big Update –
मुजफ्फरनगर, यूपी में लड़की से छेड़छाड़ में गिरफ्तार हुए BJP के पूर्व मंत्री पुत्र आर्यमान और उसके दोस्त शौर्य गुप्ता को मजिस्ट्रेट कोर्ट से जमानत मिली।12 बजे हिरासत में लिए गए
2 बजे कोर्ट ले जाया गया
3.30 बजे जमानत मिल गई https://t.co/5u9SaKLCpv pic.twitter.com/D6HbzuoLcI— Sachin Gupta (@Sachingupta) April 18, 2026
युवती ने पूरी घटना को मोबाइल के कैमरे से किया कैद
युवती ने हिम्मत दिखाते हुए पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल हो रहे इस वीडियो में आरोपी युवक मां और बेटी के साथ नशे की हालत में बदतमीजी करते हुए नजर आ रहे हैं. वे महिलाओं को पुलिस बुलाने की चुनौती भी दे रहे थे. युवती के अनुसार, जब उसने पुलिस को बुलाने की धमकी दी तो आरोपियों ने बेशर्मी से उसे चुनौती देते हुए कहा कि उनके फोन से पुलिस और जल्दी आएगी.
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की. वायरल वीडियो और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों से मिले फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई. पुलिस टीमों ने छापेमारी की और महज़ कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया है.