Greater Noida Crime News: ग्रेटर नोए़डा के एक कमरे में एक प्रेमी और प्रेमिका की लाश मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस को शुरुआती जांच में हत्या व आत्महत्या का केस लग रहा है. पुलिस ने शव मिलने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं दोनों के परिजनों को भी इस बारे में सूचना दे दी गई है. जानकारी के अनुसार, नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर गांव में 30 वर्षीय गुड्डू पासवान उर्फ गोलू अपनी लिव-इन पार्टनर ज्योति के साथ किराए के मकान में रहता था.
बंद कमरे से आ रही थी बदबू
देर रात पुलिस को फोन पर सूचना मिली कि एक बंद कमरे से काफी बदबू आ रही है. पुलिस मौके पर पहुंची, तो देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. जबरन दरवाजे को तोड़ा गया. दरवाजा खोलने पर पुलिस ने देखा कि एक युवक फांसी के फंदे पर लटका हुआ है. वहीं एक महिला का शव पास में ही पड़ा हुआ था. पुलिस ने युवक के शव को नीचे उतारा.
हाउसकीपिंग का काम करती थी ज्योति
इसके बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की, तो पता चला कि युवक का नाम गुड्डू है और महिला का नाम ज्योति है. ज्योति हाउसकीपिंग का काम करती थी. हालांकि वो बीते 20 दिनों से काम पर नहीं गई थी. वहीं युवक गुड्डू कोई भी काम नहीं करता था. दोनों उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले का रहने वाले थे. उन्होंने लगभग तीन साल पहले किराए पर कमरा लिया था. हालांकि दो दिनों से किसी ने उन्हें देखा नहीं था.
बेरोजगारी के कारण होते थे झगड़े
पड़ोसियों ने दोनों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि गुड्डू बेरोजगार था और ज्योति नौकरी करती थी. इसके कारण दोनों में अक्सर झगड़े होते रहते थे. हाल ही में ज्योति ने भी काम छोड़ दिया था. इसके कारण घर चलाना मुश्किल हो गया था. इसके कारण दोनों में विवाद और बढ़ गया था. आशंका है कि युवक ने पहले युवती की गला दबाकर हत्या की. इसके बाद उसने खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
रिपोर्टर: अकरम खान