Caught In CCTV: उत्तर प्रदेश के आगरा में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने ज्वेलरी कारोबारियों को हैरान कर दिया है. दीपावली से पहले कैंट के पास सुल्तानपुरा बाजार स्थित सचिन ज्वैलर्स में एक नकाबपोश महिला ने दिनदहाड़े लाखों के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया. हैरानी की बात यह है कि महिला ने पूरी वारदात को महज 30 सेकेंड में अंजाम दिया और दुकान में मौजूद किसी भी व्यक्ति को इसकी भनक तक नहीं लगी. महिला की यह करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. अब पुलिस फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है.
नकाब पहनकर दुकान में दाखिल हुई महिला
जानकारी के मुताबिक, चोरी की यह घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजकर 20 मिनट की है. सुल्तानपुरा निवासी सचिन ज्वैलर्स के मालिक सौरभ अग्रवाल उस समय अपनी दुकान पर मौजूद थे. दुकान में कर्मचारी ग्राहकों को जेवर दिखाने में व्यस्त थे. इसी दौरान मास्क पहने एक महिला दुकान में दाखिल हुई. महिला ने बिना किसी से कुछ कहे काउंटर पर रखे जेवरात के डिब्बे को उठाया और बड़ी चालाकी से उसे अपने दुपट्टे में छिपा लिया. इसके बाद वह सामान्य तरीके से दुकान से बाहर निकल गई. दुकान में मौजूद किसी भी व्यक्ति को उसकी इस हरकत का पता नहीं चला.
उत्तर प्रदेश के आगरा में नकाबपोश महिला आई और सचिन ज्वेलर्स से दिनदहाड़े करीब 15 लाख के जेवर चोरी करके ले गई। https://t.co/V69WkxfiWt
— Madan Mohan Soni (@madanmohansoni) November 1, 2026
30 सेकेंड में चुराए 15 लाख के जेवर
दुकानदार के मुताबिक, चोरी हुए डिब्बे में चूड़ियों के चार सेट रखे हुए थे. हर सेट में चार चूड़ियां थीं. इन सभी जेवरों की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है. जब काउंटर से डिब्बा गायब मिला तो दुकान मालिक और कर्मचारियों ने पहले दुकान के अंदर उसकी तलाश की. काफी देर तक डिब्बा नहीं मिला तो ग्राहकों को रोककर सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई. फुटेज देखते ही चोरी का पूरा मामला सामने आ गया. कैमरे में महिला की हरकत साफ दिखाई दे रही है.
दुकानदार ने पुलिस को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. दुकानदार के अनुसार, पुलिस ने उन्हें दुकान में रखे सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की बात कही. वहीं, पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि महिला के आने-जाने के रास्ते और उसकी पहचान का पता लगाया जा सके. जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला आसपास के इलाके की रहने वाली है या किसी बाहरी गिरोह से जुड़ी हुई है.
पुलिस कर रही महिला की तलाश
एसीपी सदर अमीषा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. दुकानदार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है. फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती नकाबपोश महिला की पहचान करना है. दिनदहाड़े हुई इस चोरी ने बाजार के कारोबारियों को भी सतर्क कर दिया है. अब सभी की नजर पुलिस जांच पर है कि आखिर 15 लाख के जेवर लेकर फरार हुई महिला कब पकड़ी जाएगी.
ये भी पढ़ें: Jharkhand News: पति चाहता था बेटा, जांच में निकली बेटी…तो करा दिया अबॉशन महिला की हुई मौत; अब जेल जाएंगे ससुरालवाले