UP News: बाराबंकी में आगामी होमगार्ड स्वयं सेवक भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों, पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बालक एवं बालिका तथा जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय (जनेस्मा) का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की सुचिता, पारदर्शिता एवं शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शासन द्वारा निर्धारित एसओपी का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए.
किसी प्रकार की न हो असुविधा
उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, छायादार प्रतीक्षास्थल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी के बीच अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
जिलाधिकारी बताया कि परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी तथा जनपद के 08 परीक्षा केंद्रों पर कुल 17856 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे.
198 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई
परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी परीक्षा केंद्रों पर जिला स्तरीय अधिकारी को स्टेटिक मजिस्ट्रेट व सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 198 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. इसके अतिरिक्त आवश्यकतानुसार जनपदस्तरीय मोबाइल पुलिस बल भी तैनात रहेगा.
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्रवेश द्वार पर सघन चेकिंग, अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी, प्रश्नपत्र एवं परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि या अनुचित साधनों के प्रयोग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम समन्वय, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती, संवेदनशील बिंदुओं की मॉनिटरिंग तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी विस्तार से समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित रहे.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.