Chandauli Crime News: अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर-इकावनी गांव के बाहर गुरुवार को पानी की टंकी के पास एक अज्ञात युवक का जला हुआ शव मिला. ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची.सूचना मिलते ही जफरपुर चौकी प्रभारी सतीश चंद्र सिंह, अलीनगर थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भी दौरा किया और जांच के निर्देश दिए.
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष है. शव का अधिकांश हिस्सा बुरी तरह जला हुआ था, हालांकि चेहरा आंशिक रूप से सुरक्षित होने से पहचान की उम्मीद है. प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह मामला संदिग्ध लग रहा है और हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव जलाने की आशंका जताई जा रही है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं; इसके लिए आसपास के जिलों में फोटो भेजी गई है और हाल की गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान किया जा रहा है. पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है.
पुलिस की जांच जारी
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि अलीनगर थाना क्षेत्र में एक खेत में व्यक्ति का जला हुआ शव मिलने की सूचना सुबह मिली थी. शव जला हुआ होने के कारण अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है. उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट होने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. पुलिस का कहना है कि वे सभी पहलुओं पर जांच कर रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
एसपी ने जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना के संबंध में कोई भी जानकारी हो, तो वे पुलिस को जरूर बताएं.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.