Mallikarjun Kharge Controversial Statement: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कुछ ऐसा कह दिया, जिसने नया विवाद खड़ा कर दिया है. चेन्नई में आयोजित एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि वे (अन्नाद्रमुक) पीएम मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वह एक आतंकवादी हैं और जो समानता में विश्वास नहीं करते. उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती. ऐसे लोगों के साथ जुड़ना लोकतंत्र को कमजोर करना है.
उनके इस बयान पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर लिखा- “देश के लोकप्रिय, लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की असंसदीय टिप्पणी अक्षम्य, अति निंदनीय और भारतीय लोकतंत्र की मर्यादाओं का घोर अपमान करने वाली है.”
‘यह बयान कांग्रेस की हताशा का परिचायक’
उन्होंने आगे लिखा- “यह बयान कांग्रेस की हताशा, निराशा, मानसिक दिवालियापन और गिरती हुई राजनीतिक संस्कृति का स्पष्ट परिचायक है. मुद्दाविहीन, जनाधार-विहीन और नीतिविहीन, कुंठित कांग्रेस को समझ लेना चाहिए कि इस आपत्तिजनक टिप्पणी ने उनकी मृत ‘साख’ को भी रसातल में पहुंचा दिया है.”
सीएम योगी ने अंत में कहा- “प्रधानमंत्री जी के यशस्वी नेतृत्व में भारत आज वैश्विक मंच पर सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक भूमिका में है. उनके प्रति इस प्रकार की टिप्पणी 145 करोड़ देशवासियों का भी अपमान है. कांग्रेस पार्टी को अपने इस अशोभनीय कृत्य के लिए देश और प्रधानमंत्री जी से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी चाहिए.”
देश के लोकप्रिय, लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के प्रति कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की असंसदीय टिप्पणी अक्षम्य, अति निंदनीय और भारतीय लोकतंत्र की मर्यादाओं का घोर अपमान करने वाली है।
यह बयान कांग्रेस की हताशा, निराशा, मानसिक…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 21, 2026
केंद्र सरकार समाज में असमानता बढ़ा रही है- मल्लिकार्जुन खरगे
बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बीजेपी की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार समाज में असमानता बढ़ा रही है और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर कर रही है. उन्होंने कहा कि डीएमके के साथ कांग्रेस का गठबंधन आगे भी मजबूती से जारी रहेगा.
खरगे ने विवादित बयान जारी रखते हुए आगे कहा कि प्रधानमंत्री होने के नाते उनको यह पता होना चाहिए कि उन्हें क्या कहना है और क्या नहीं, खासकर चुनावों के दौरान, क्योंकि इसका चुनाव प्रक्रिया पर सीधा असर पड़ता है. वह विपक्षी दलों को बदनाम करने के लिए अपनी शक्ति और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रहे हैं. जब भी उन्हें मौका मिलता है, वह व्यक्तियों को निशाना बनाते हैं.