Domestic Violence Case: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक पति ने अपनी पत्नी का जीते जी पिंडदान कर दिया. इसके बाद व्हॉट्सएप पर उसका स्टेटस लगाया. जब पत्नी ने स्टेटस देखा, तो उसके होश उड़ गए. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसके बाद पीड़ित महिला दीपा स्वर्णकार ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है. उसने आरोप लगाया है कि उसके ससुरालवाले उसे प्रताड़ित करते हैं. साथ ही मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है.
पीड़िता ने बताया कि 2 अगस्त को उसके पति ने व्हाट्सएप स्टेटस पर पिंडदान का वीडियो लगाया. इसके बाद पीड़िता थाना लाइनपार पहुंची और प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा और एफआईआर की मांग की है. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच कर दी है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त 2014 को नगला विष्णु निवासी दीपा स्वर्णकार की शादी जितेंद्र प्रकाश से हुई थी. शादी के बाद से ही पति जितेंद्र, सास मंजू वर्मा, दीपा की ननद शालिनी और देवर नकुल उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान कर रहे हैं. 30 जुलाई को उसके साथ मारपीट हुई. इसी दौरान वो उन लोगों से बचने के लिए कमरे में छुप गई. इसके बाद 2 अगस्त को उसके पति ने जीते जी पत्नी का पिंडदान किया और उसका वीडियो बनाकर व्हॉट्सएप पर लगा दिया.
फिरोजाबाद से बड़ी खबर: जिंदा पत्नी का पति ने किया पिंडदान, मामले को लेकर लोग हैरान।
#Firozabad #BreakingNews #UttarPradesh #ViralNews #UPNews #FirozabadNews @firozabadpolice @Uppolice pic.twitter.com/cBq7AGEQmx— India News UP/UK (@IndiaNewsUP_UK) August 3, 2026
पत्नी के विरोध करने पर क्या बोला पति?
दीपा ने पति की इस हरकत का विरोध किया, तो पति ने कहा कि उसके लिए उसकी पत्नी मर चुकी है. अब वो उसके साथ नहीं रहना चाहता. दीपा का दावा है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिसकी रिकॉर्डिंग भी है. पीड़िता ने पुलिस से कहा कि उसके दो बच्चे भी हैं. इस घटना के बाद पत्नी और दोनों बच्चे तनाव में हैं. पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.