Hamirpur Karwa Chauth accident: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में करवा चौथ की खुशियां एक दर्दनाक हादसे के बाद मातम में बदल गईं. यहां पति की लंबी उम्र के लिए दिनभर निर्जला व्रत रखने वाली एक महिला की छत से गिरने के बाद मौत हो गई. घटना 29 अक्टूबर की रात की है. मृतका की पहचान रूरीपारा गांव निवासी नीतेश द्विवेदी की पत्नी आरती के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि आरती करवा चौथ का चांद देखने और पूजा करने के लिए अपनी सास और देवरानी के साथ छत पर गई थीं. इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गईं.
चांद देखने छत पर गई थीं आरती, अचानक हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, आरती ने करवा चौथ पर अपने पति नीतेश द्विवेदी की लंबी उम्र की कामना करते हुए पूरे दिन निर्जला व्रत रखा था. रात में चांद निकलने के बाद वह अपनी सास और देवरानी के साथ पूजा-अर्चना करने और चंद्रमा को अर्घ्य देने के लिए छत पर पहुंचीं. इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर पड़ीं. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गईं.
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद परिवार के लोग आनन-फानन में आरती को जिला अस्पताल हमीरपुर लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. अस्पताल की ओर से इस घटना की सूचना मेमो के जरिए ललपुरा थाना पुलिस को दी गई. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए मोर्चरी हाउस भिजवा दिया.
पति और छह साल के बेटे का रो-रोकर बुरा हाल
आरती की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पति नीतेश द्विवेदी और उनके छह साल के बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है. जिस दिन आरती ने पति की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली के लिए व्रत रखा था, उसी दिन उनकी जिंदगी खत्म हो गई. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है. पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है.