Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक महिला के अचानक घर से चले जाने का मामला चर्चा में आ गया. महिला के पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी छह बच्चों और परिवार को छोड़कर एक ऐसे व्यक्ति के साथ चली गई, जो पहले उनके इलाके में भीख मांगने आता था. पति ने यह भी दावा किया कि घर में रखी नकदी भी गायब है. शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की लेकिन जांच आगे बढ़ने पर कहानी ने नया मोड़ ले लिया.
मामला हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है. यहां रहने वाली लगभग 36 वर्षीय महिला कुछ दिन पहले घर से बाहर निकली थी. पति के मुताबिक, उसने बाजार जाने की बात कही थी लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटी. इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की.
महिला के पति ने लगाए आरोप
महिला के पति राजू ने पुलिस को बताया कि इलाके में आने वाला नन्हे पंडित नाम का व्यक्ति उसकी पत्नी को अपने साथ ले गया है. पति का कहना था कि नन्हे अक्सर उनके मोहल्ले में भीख मांगने आता था. वो लोगों का हाथ देखकर भविष्य बताने की बात भी करता था. राजू ने पुलिस को ये भी बताया कि घर में रखी करीब 1.60 लाख रुपये की रकम नहीं मिल रही है. उसके अनुसार, यह पैसा परिवार ने अपनी भैंस और मिट्टी बेचकर जमा किया था. पत्नी के अचानक गायब होने और रकम नहीं मिलने के बाद उसने नन्हे पर पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया.
महिला ने बताई अलग कहानी
शिकायत के बाद पुलिस महिला और उसके साथ गए व्यक्ति की तलाश में जुटी थी. इसी बीच महिला खुद पुलिस के सामने पहुंच गई. इसके बाद मामले की तस्वीर ही बदल गई. हरदोई पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, महिला किसी भिखारी के साथ नहीं गई थी. वह अपने एक रिश्तेदार के घर चली गई थी. महिला ने पुलिस को बताया कि पति के साथ उसका विवाद रहता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी. इसी वजह से उसने घर छोड़ने का फैसला किया था.
ये भी पढ़ें: Ratlam Crime News: पत्नी के सामने खुला राज, फिर हुआ कुछ ऐसा…पहले युवती और अब युवक की हालत गंभीर