Caught On Camera: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है. जिस पति के साथ महिला ने जिंदगी बिताने का सपना देखा था, उसी पर उसकी जान लेने का आरोप है. मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया. महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी पति अपने दोनों बच्चों को लेकर सीधे पुलिस चौकी पहुंच गया.
घटना कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के जगतपुर गांव की है. जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान पति सुखवीर सिंह उर्फ मोनू ने कथित तौर पर अपना आपा खो दिया.
विवाद के बाद खौफनाक कदम
आरोप है कि उसने पहले अपनी 30 वर्षीय पत्नी सोनम राठौर को कुर्सी से बांध दिया. इसके बाद उस पर पेट्रोल छिड़क दिया और फिर आग लगा दी. आग की लपटों में घिरी सोनम को संभलने तक का मौका नहीं मिला. देखते ही देखते वह बुरी तरह झुलस गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
कन्नौज के छिबरामऊ में पति ने पत्नी को कुर्सी से बांध पेट्रोल डाला और जलाकर मार डाला। हत्या का आरोपित बच्चों को लेकर भाग निकला। #Kannauj @NBTLucknow https://t.co/GOwce0huTn
— Praveen Mohta (@MohtaPraveenn) November 5, 2026
दो बच्चों को लेकर पहुंचा पुलिस चौकी
इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति मौके से फरार नहीं हुआ. वह अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया और आत्मसमर्पण कर दिया. अचानक हुई इस घटना से पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम जगतपुर गांव पहुंची. पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. फिलहाल पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की वजह और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. वहीं अब तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है.