Kanpur Mayor Karva Chauth fast: करवाचौथ का त्योहार पति-पत्नी के प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति समर्पण का प्रतीक माना जाता है. इस दिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के साथ व्रत रखती हैं. कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय के लिए इस बार करवाचौथ का दिन बेहद भावुक रहा. उन्होंने चांद का दीदार कर अपने पति की सलामती और जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की. उनके पति पिछले करीब पांच महीने से ब्रेन ट्यूमर की बीमारी से जूझ रहे हैं.
पांच महीने से बीमार हैं महापौर के पति
प्रमिला पांडेय के पति की तबीयत ब्रेन ट्यूमर की वजह से मई महीने से खराब चल रही है. उनका इलाज कानपुर से लेकर दिल्ली तक कराया जा चुका है. पिछले कई दिनों से वह कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे. परिवार के लिए यह समय काफी मुश्किल भरा रहा है. हालांकि, करवाचौथ के दिन शाम करीब सात बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई और वह घर पहुंच गए. ऐसे में त्योहार के दिन पति का घर लौटना महापौर के लिए भावुक पल बन गया.
पति के लिए रखा व्रत, चांद से मांगी सलामती
महापौर प्रमिला पांडेय ने पति की अच्छी सेहत और लंबी उम्र की कामना करते हुए करवाचौथ का व्रत रखा. पूजा के दौरान उनकी प्रार्थना यही थी कि उनके जीवनसाथी जल्द स्वस्थ हो जाएं. उन्होंने भावुक होकर कहा कि उन्हें भगवान चंद्रमा पर भरोसा है और उम्मीद है कि उनकी प्रार्थना जरूर सुनी जाएगी. उन्होंने कहा, “सबसे बड़ी उम्मीद है कि मैंने भगवान चंद्रमा से प्रार्थना की है और उम्मीद पर ही पृथ्वी अड़ी है. मुझे आशा है कि भगवान मेरे पति को ठीक करेंगे.”
पति के पैर छूकर लिया आशीर्वाद
करवाचौथ के मौके पर प्रमिला पांडेय ने अपने पति के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उनके स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि करवाचौथ सनातन धर्म में महिलाओं का सबसे बड़ा त्योहार है. पति की तबीयत खराब होने के कारण इस बार उनकी प्रार्थना और भी खास है. महापौर ने कहा कि वह चाहती हैं कि उनके जीवन का जो भी समय बचा है, वह अपने पति के साथ करवाचौथ मनाते हुए बिताएं. उनकी इस बात में अपने जीवनसाथी के साथ फिर से सामान्य और खुशहाल जिंदगी जीने की इच्छा साफ झलकती है. इस बार चांद देखकर उन्होंने बस यही दुआ मांगी कि उनके पति जल्द ठीक हो जाएं और दोनों आगे भी साथ मिलकर हर त्योहार मना सकें