Lucknow Crime News: लखनऊ के राजेंद्र नगर के विजन अपार्टमेंट में दिल दहला देने वाली वारदात हुई. 17 साल के नाबालिग ने अपनी 42 साल की मां की लोहे के रिंच से हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, नाबालिग जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराना चाहता था, जिसका मां विरोध कर रही थी. इसी को लेकर झगड़ा बढ़ा और बेटे ने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लिया है, जांच जारी है.
क्या है पूरा मामला?
यह घटना नाका हिंडोला थाना क्षेत्र के विजन अपार्टमेंट की है, जो राजेंद्र नगर क्रॉसिंग के पास है. पुलिस के अनुसार, नाबालिग महिला के तौर पर रह रहा था और अपनी पहचान बदलने के लिए सर्जरी कराना चाहता था. बताया जा रहा है कि इसी मुद्दे को लेकर परिवार में अक्सर झगड़ा होता था. गुरुवार को भी इसी बात पर बहस हुई. मां अपने बेटे को समझा रही थी कि सर्जरी के बजाय वह मेडिकल और मनोवैज्ञानिक मदद ले. इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि नाबालिग ने गुस्से में कथित तौर पर लोहे के रिंच से मां पर हमला कर दिया. हमले में महिला को सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
ये भी पढ़ें: मां बनी हैवान; मॉडलिंग का चढ़ा भूत, अपने ही बच्चों की ले ली जान, ऐसे वारदात को दिया अंजाम
पुलिस ने क्या बताया?
वारदात के बाद नाबालिग ने खुद ही पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम जब अपार्टमेंट पहुंची तो महिला मृत पड़ी थी और नाबालिग वहीं मौजूद था. पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर लिया है और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. नाका हिंडोला के SHO विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में लग रहा है कि नाबालिग जेंडर डिस्फोरिया से जूझ रहा हो सकता है. फिलहाल उसकी काउंसलिंग के लिए विशेषज्ञों और मेडिकल प्रोफेशनल की मदद ली जा रही है. पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी.
ये भी पढ़ें: Mohammad Deepak Arrested: ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से वायरल हुए दीपक कुमार गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला