Noida Fire: उत्तर प्रदेश के नोएडा में 24 अक्टूबर 2026 की दोपहर आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया. सेक्टर-126 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-125 स्थित रायपुर इलाके में एक होटल से शुरू हुई आग आसपास की चाय और स्नैक्स की दुकानों तक फैल गई. देखते ही देखते इलाके में धुएं का गुबार छा गया और लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया. इस दौरान एक व्यक्ति बेहोश हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया.
आग की घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. इनमें दुकानों के आसपास आग की लपटें और आसमान में उठता धुआं दिखाई दे रहा है. फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहे हैं.
कृष्णा फूड पॉइंट से शुरू हुई आग
जानकारी के मुताबिक, आग सेक्टर-125 स्थित कृष्णा फूड पॉइंट नाम के होटल में लगी थी. इसके बाद लपटें आसपास की खाने-पीने की दुकानों तक पहुंच गईं. आग फैलने से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में घबराहट फैल गई. मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी.
दमकल की चार गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के मुताबिक, रायपुर इलाके में चाय और स्नैक्स की पांच दुकानों में आग लगने की सूचना मिली थी. इसके बाद दमकल की चार गाड़ियों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया. सेक्टर-126 थाने की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई. चीफ फायर ऑफिसर (CFO) की निगरानी में दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. पुलिस ने इलाके में स्थिति संभालते हुए लोगों को प्रभावित स्थान से दूर रखा.
सिलेंडर फटने की आवाज से दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग के दौरान आसपास सिलेंडर फटने जैसी आवाजें भी सुनाई दीं. इससे लोगों में डर और बढ़ गया. आग लगने की शुरुआती वजह सिलेंडर फटने के कारण ही बताई जा रही है.
ये भी पढ़ें: रैपिडो राइडर निकला जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध, मुंबई ATS ने किया गिरफ्तार; पीएम मोदी को लेकर कही थी ये बात