UP Crime News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जिले के हथिगवां थानाक्षेत्र में कथित तौर पर अज्ञात चोर ने एक वृद्ध महिला की हत्या कर दी. इसके बाद उसके जेवर लेकर फरार हो गए. हथिगवां थाना क्षेत्र के भोला का पुरवा (बरना) में अपने घर में अकेली रह रहीं फुलझरिया देवी (85) की अज्ञात चोरों ने रविवार रात गला दबाकर हत्या कर दी और उनके पहने हुए चांदी के गहने लेकर फरार हो गए.
सुबह करीब 7 बजे परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई, तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.
महिला के पति और एक बेटे के हो चुकी है मौत
मृतका फुलझरिया देवी के पति भगवत प्रसाद की 25 साल पहले मौत हो गई थी. उनके पांच बेटे स्वामीनाथ, देवता दीन, सीताराम, राम खेलावन और मुना और बेटी कमलेश है. जिनमें से देवता दीन की कुछ साल पहले ही मौत हो गई है.
पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ हत्या और अन्य अपराधों को लेकर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया. पुलिस ने बताया कि पति भगवत प्रसाद की मौत के बाद फुलझरिया देवी अपने बच्चों से अलग इस घर में रहती थीं.
पहने हुए चांदी के गहने लेकर फरार हुए चोर
उन्होंने बताया कि छानबीन से ऐसा प्रतीत होता है कि रात अज्ञात चोर घर में घुसे और विरोध करने पर उन्होंने गला दबाकर फुलझरिया देवी की हत्या कर दी एवं उनके पहने हुए चांदी के गहने लेकर फरार हो गए.
पुलिस ने बताया कि सूचना पर पुलिस घटना पर पहुंची तो उसने देखा घर का सामान बिखरा पड़ा था और शरीर पर पहने आभूषण गायब थे. उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया तथा घटना की जांच शुरू की गई. फिलहाल आगे की जांच जारी है.