UP Crime News: रायबरेली में फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर खुद को क्राइम ब्रांच का बड़ा अफसर बताकर लोगों को चूना लगाने वाले एक शातिर ठग को कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी न सिर्फ कमांडो की वर्दी पहनकर रौब झाड़ता था, बल्कि फर्जी आईडी कार्ड के जरिए लाखों के सौदे भी कर रहा था.
मामला शहर के जेल गार्डन रोड का है. यहां के निवासी मुनीष अग्रवाल को झांसा देते हुए आरोपी राणा प्रताप सिंह ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया. मुनीष का एक नवनिर्मित मकान खरीदने के लिए आरोपी कमांडो की वर्दी में पहुंच गया और सात-सात लाख रुपये के तीन चेक थमा दिए. मकान मालिक को शक तब हुआ जब उसने सोशल मीडिया पर छानबीन की, जहां इस ‘अफसर’ की ठगी के कारनामे सामने आए.
सीओ सिटी ने किया मामले का खुलासा
प्रेसवार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते हुए सीओ सिटी अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई थी. पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में टीम ने घेराबंदी की.
सीओ सिटी ने आगे जानकारी दी कि मुखबिर की सटीक सूचना पर आरोपी को खाली सहाट स्थित बंधा रोड के पास से दबोचा गया. तलाशी के दौरान उसके पास से यूपी पुलिस का फर्जी आईडी कार्ड और वर्दी वाली 8 फोटो बरामद हुई हैं.
‘आज भी शिकार की तलाश में था’
गिरफ्तारी के बाद ठग ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल लिया है. आरोपी ने बताया कि वह वर्दी और फर्जी आईडी के दम पर लोगों को डराकर ठगी करता था. आरोपी राणा प्रताप सिंह मूल रूप से जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.