UP News: सहारनपुर में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरसावा पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है. चेकिंग के दौरान टीम ने एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 36 बोतल अवैध शराब और एक कार बरामद की है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहे इस विशेष अभियान के तहत आज सरसावा टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान कार से तीन पेटियों में कुल 36 बोतल “Discount Premium Whisky” बरामद हुई, जो केवल चंडीगढ़ राज्य में बिक्री के लिए अनुमन्य है.
चंडीगढ़ के रहने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ा
पुलिस ने मौके से आरोपी हरिओम पासी पुत्र राकेश सिंह पासी, निवासी मौली जागरण, चंडीगढ़ को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी द्वारा बरामद शराब को वह मारुति अर्टिगा कार (रजिस्ट्रेशन नंबर PB 01 D 3941) से अवैध रूप से परिवहन कर रहा था. इस संबंध में थाना सरसावा में आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है.
अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार जारी रहेगा अभियान
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है. इस कार्रवाई में थाना सरसावा पुलिस के साथ आबकारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह और उनकी टीम के अन्य सदस्य भी शामिल रहे.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.