UP Home Guard Recruitment Exam: सहारनपुर जनपद में 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को बारीकी से परखा. साथ ही अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया और अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी.
सहारनपुर में 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए
जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा के लिए जनपद में 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें लगभग 59 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे. पूरे जिले को सेक्टर और जोन में विभाजित कर प्रत्येक स्थान पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है.
उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों को सीसीटीवी निगरानी से लैस किया गया है और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. तेज धूप को देखते हुए छाया और पानी की व्यवस्था के साथ-साथ आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस भी तैनात की जा रही हैं.
परीक्षा केंद्रों पर रखी जाएगी कड़ी निगरानी
वहीं एसएसपी अभिनंदन सिंह ने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह तैयार है. सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.