Home Guard Recruitment Exam: मुगलसराय में होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक आयोजित की जाएगी. जिला प्रशासन ने इस परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं. यह परीक्षा जिले के 11 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी में होगी.
तीन दिवसीय इस परीक्षा में कुल छह पालियां होंगी. प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी. प्रत्येक पाली में 4128 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है, जिससे कुल 24,728 परीक्षार्थी इसमें शामिल होंगे. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है.
सभी कमरों में लगाए गए सीसीटीवी
परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके. प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे. इसके अतिरिक्त, सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे.
जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
प्रशासन की कड़ी नजर
सुरक्षा के मद्देनजर, परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में केवल परीक्षार्थी, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी और सुरक्षाकर्मियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी. परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के एक किलोमीटर के दायरे में फोटो कॉपी और स्कैनर की दुकानें बंद रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं.
जिले के विभिन्न इंटर कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा और निष्पक्ष परीक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह भी व्यवस्थाओं में शामिल हैं.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.