UP News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव ढकिया में एक बच्ची पांच दिनों से लापता थी. तीन साल की मासूम अमायरा का शव तालाब में मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त को बच्ची घर के बाहर खेल रही थी. वहीं से अचानक लापता हो गई थी. बहुत देर तक ढूंढने के बाद भी जब बच्ची नहीं मिली, तो परिजनों ने पुलिस को इसके बारे में सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस की टीम ने गांव और आसपास के इलाकों में बच्ची की तलाश शुरू कर दी. पांच दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सुक्रवार को बच्ची का शव घर से कुछ दूर मौजूद तालाब में मिला. कहा जा रहा है कि एक महिला सुबह के समय तालाब पर कूड़ा फेंकने गई थी. इसी दौरान उसकी नजर बच्ची के शव पर पड़ी. उसने तुरंत आसपास के लोगों और पुलिस को इस बारे में सूचना दी.
नहीं पता चला सटीक कारण
पुलिस ने मौके पर देखा, तो फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हालांकि अब तक बच्ची की मौत के बारे में सटीक कारण और उसके साथ किसी हैवानियत के बारे में पता नहीं चल सका है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सभी सवालों का जवाब मिल सकेगा. पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
क्या है पुलिस को आशंका?
पुलिस को आशंका है कि मासूम खेलते-खेलते तालाब तक पहुंची और हादसा हुआ होगा. इसके अलावा इस बारे में भी जांच की जा रही है कि कहीं किसी ने बच्ची की हत्या कर उसे वहां फेंक दिया होगा. वहीं इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को ले जाकर उसे कहीं और मारकर यहां फेंका गया होगा. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक ने दी जानकारी
इस बारे में पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया ने कहा कि एक बच्ची की लाश तालाब में मिली है. पूरे मामले पर फॉरेंसिक टीम डॉग स्क्वाड मौके पर मौजूद हैं. आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है. बच्ची की मौत के बारे में सटीक जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.