Asaduddin Owaisi Guard of Honour: सहारनपुर में शनिवार को एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी के दौरे के दौरान पुलिस की एक चूक चर्चा में आ गई. सर्किट हाउस में एक जज के आगमन के लिए गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी की गई थी, लेकिन ओवैसी के पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उन्हें ही सलामी दे दी. इस घटनाक्रम के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई. गठबंधन के ऐलान के बाद ओवैसी पहली बार सहारनपुर पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने सांसद चंद्रशेखर आजाद से मुलाकात की और उनके छुटमलपुर स्थित आवास पर दोपहर का भोजन किया.
ओवैसी के पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने दे दिया गार्ड ऑफ ऑनर
ओवैसी शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने काफिले के साथ सर्किट हाउस पहुंचे थे. उस समय वहां पुलिसकर्मी गार्ड ऑफ ऑनर देने के लिए तैयार खड़े थे. बताया जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश के आगमन पर उन्हें सलामी दी जानी थी. लेकिन जज के पहुंचने से पहले ओवैसी वहां आ गए. पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर पहचान और समन्वय में हुई चूक के चलते ओवैसी को ही गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया. ओवैसी ने सलामी स्वीकार की और इसके बाद चंद्रशेखर आजाद के साथ सर्किट हाउस के अंदर चले गए. इस घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे.
मस्जिद ध्वस्तीकरण का मुद्दा उठाकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन
सर्किट हाउस में मुलाकात के बाद दोनों सांसद कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे. यहां उन्होंने परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण का मामला उठाया और अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपा. दोनों नेताओं ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और संबंधित नोटिसों पर कार्रवाई रोकने की मांग की. इस दौरान दोनों दलों के पदाधिकारी और समर्थक भी मौजूद रहे.
छुटमलपुर में चंद्रशेखर के घर पहुंचे ओवैसी
इसके बाद ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद छुटमलपुर स्थित चंद्रशेखर के आवास पहुंचे. दोनों सांसद दोपहर करीब एक बजे हरिजन कॉलोनी की गली नंबर दो में पहुंचे. गली संकरी होने के कारण उनकी कार घर के गेट तक नहीं जा सकी. ऐसे में ओवैसी गाड़ी से उतरकर पैदल ही चंद्रशेखर के साथ उनके घर के अंदर गए. दोनों नेताओं के पहुंचने की खबर मिलते ही आवास के बाहर समर्थकों की भीड़ जुट गई. ओवैसी के कार से उतरते ही समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी. इस दौरान ‘देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया’ के नारे सुनाई दिए. आवास के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे, लेकिन दोनों सांसदों के अंदर जाने के बाद अन्य लोगों को प्रवेश नहीं दिया गया.
गठबंधन के ऐलान के बाद पहली मुलाकात, लंच पर हुई चर्चा
ओवैसी चंद्रशेखर आजाद के आवास पर उनके साथ दोपहर का भोजन करने पहुंचे थे. दोनों नेताओं की यह मुलाकात गठबंधन के ऐलान के बाद सहारनपुर में उनकी पहली साझा यात्रा के दौरान हुई. दोनों दलों के साथ आने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है. हालांकि, बंद कमरे में हुई बातचीत का पूरा ब्योरा सामने नहीं आया है.