Gonda Crime News: चाय बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर छोटी-मोटी बहस हो जाती है लेकिन उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. यहां शराब के नशे में घर पहुंचे पति ने पत्नी से चाय बनाने को कहा. पत्नी ने इनकार किया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते गुस्से में पति ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे परिवार की जिंदगी उजाड़ दी. उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया.
रात 11:30 बजे घर पहुंचा पति
यह दिल दहला देने वाली घटना गोंडा जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर कौड़िया बाजार थाना क्षेत्र के कोटिया मदारा गांव की है. यहां रहने वाला 40 वर्षीय मनोज कुमार शुक्ला शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे नशे की हालत में घर पहुंचा था. उसकी 35 वर्षीय पत्नी सुमन, 12 साल का बेटा किशन और 4 साल की बेटी शगुन भी घर पर थे. बताया जा रहा है कि मनोज शराब पीने का आदी था और इसी बात को लेकर उसका पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था. शुक्रवार रात भी घर लौटते ही उसने पत्नी से चाय बनाने की जिद की. सुमन ने जब चाय बनाने से मना किया तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई.
गोंडा में चाय न बनाने पर पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। शुक्रवार रात आरोपी ने 12 साल के बेटे के सामने वारदात को अंजाम दिया और भाग निकला। इसके बाद बेटे ने पुलिस को फोन कर बताया- पापा ने मम्मी को मार डाला, लाश घर में पड़ी है। सूचना पर पहुंची पुलिस को चारपाई पर 35 साल की सुमन का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए। घटना जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर कौड़िया बाजार थाना क्षेत्र की है। आरोपी मनोज कुमार शुक्ला (40) और सुमन की 14 साल पहले शादी हुई थी।
— Shivani Sahu (@askshivanisahu) November 21, 2026
कुल्हाड़ी से पत्नी पर किए कई वार
आरोप है कि कहासुनी के दौरान मनोज ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और सुमन के सिर पर कई वार कर दिए. गंभीर चोटों के कारण सुमन की मौके पर ही मौत हो गई. इस खौफनाक वारदात के बाद आरोपी पति घर छोड़कर फरार हो गया. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त उनका 12 साल का बेटा किशन भी मौजूद था.
12 साल के बेटे ने खोली पोल
मां की हत्या के बाद 12 साल के किशन ने हिम्मत जुटाई और पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पत्नी की मां की शिकायत पर केस दर्ज
एएसपी नितेश सिंह के मुताबिक, बेटे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. मृतका की मां की तहरीर पर मनोज कुमार शुक्ला और उसकी मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है.