Jaipur Maggi case: राजस्थान की राजधानी जयपुर में घर पर बने नूडल्स खाने के बाद दो बहनों की तबीयत बिगड़ गई. इनमें सात साल की छोटी बहन पीहू कुमावत की मौत हो गई, जबकि 18 वर्षीय बड़ी बहन दिव्यांशी को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. घटना 19 नवंबर को करधनी थाना क्षेत्र के मंगलम सिटी की है. शुरुआती जांच में पुलिस फूड पॉइजनिंग की आशंका जता रही है, लेकिन बच्ची की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस ने नूडल्स के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी.
सुबह बनाई गई थी मैगी, दोपहर में खाने के बाद सो गईं बहनें
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के दिन बच्चियों के माता-पिता अपने बीमार बेटे गोविंद को देखने चौमूं के अस्पताल गए हुए थे. घर पर बच्चे मौजूद थे. परिवार के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे 60 रुपये का नूडल्स पैकेट लाया गया था. परिवार के एक अन्य बच्चे समर ने आधा पैकेट बनाकर खाया और बाकी नूडल्स गैस पर छोड़ दिए. दोपहर करीब 3 बजे दिव्यांशी और पीहू ने वही नूडल्स खाए और इसके बाद सो गईं. शाम को जब मां घर लौटीं और दोनों को जगाने की कोशिश की तो दिव्यांशी की तबीयत खराब मिली, जबकि पीहू बेहोशी की हालत में थी. परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने पीहू को मृत घोषित कर दिया. दिव्यांशी को उपचार के बाद शुक्रवार सुबह छुट्टी दे दी गई.
नूडल्स के नमूने जांच के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलने के बाद करधनी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. शुरुआती जांच में खाद्य विषाक्तता यानी फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई है. पुलिस ने परिवार की शिकायत के बाद नूडल्स के नमूने एकत्र कर लैब में जांच के लिए भेजे हैं. बच्ची के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाना है. हालांकि, अभी यह कहना सही नहीं होगा कि बच्ची की मौत मैगी खाने की वजह से ही हुई. नूडल्स में किसी तरह की मिलावट या बैक्टीरिया की मौजूदगी थी या नहीं, इसका पता जांच रिपोर्ट से ही चलेगा. पोस्टमार्टम और खाद्य पदार्थों की लैब रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
पके हुए भोजन को लंबे समय तक रखने से हो सकता है नुकसान
जेके लोन अस्पताल के सीनियर प्रोफेसर डॉ. प्रियांशु माथुर ने खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने की जरूरत पर जोर दिया. उनके अनुसार, पके हुए भोजन को लंबे समय तक सामान्य तापमान पर रखने या सही तरीके से स्टोर नहीं करने पर उसमें बैक्टीरिया पनप सकते हैं. इनमें बैसिलस सीरियस (Bacillus cereus) नाम का बैक्टीरिया भी शामिल है, जो फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकता है. इससे उल्टी, दस्त और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. हालांकि, जयपुर की इस घटना में बैसिलस सीरियस बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है. इसे बच्ची की मौत का कारण मानना भी अभी जल्दबाजी होगी. डॉक्टर ने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों को ताजा और सुरक्षित भोजन दें. पके हुए खाने को लंबे समय तक खुले में न रखें और भोजन की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर उसे बच्चों को न खिलाएं.