Watch Video: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक डोसा की दुकान पर ऐसा हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी. मामला सिर्फ डोसा खाने या पैसे के लेनदेन का नहीं था बल्कि इसके पीछे पिता के साथ हुई कथित मारपीट का गुस्सा बताया जा रहा है. दो बेटियां अपने पिता की पिटाई का हिसाब मांगने मशहूर डोसा शॉप पहुंच गईं. शुरुआत वीडियो बनाने और विरोध जताने से हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला तोड़फोड़ तक पहुंच गया.
दरअसल, वाराणसी के महमूरगंज इलाके के तुलसीपुर स्थित लीला राम डोसा शॉप पर दो युवतियों ने जमकर हंगामा किया. बताया जा रहा है कि 4 नवंबर को दुकान के संचालक और कर्मचारियों पर युवतियों के पिता के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था. इस मामले में भेलूपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था. बेटियों का आरोप था कि शिकायत के बावजूद करीब डेढ़ हफ्ते तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.
जवाब मांगने पहुंचीं बेटियां
पापा का अपमान,बेटियां थी परेशान.. वाराणसी महमूरगंज क्षेत्र,मशहूर डोसा वाले के यहां दो लड़कियों ने अपने पापा से हुई मारपीट का गुस्सा इजहार करने पहुंची। दरअसल डोसा वालो ने मिलकर बेटियों के पापा को 4 नवबंर को खूब मारा. इस मामले में भेलूपुर थाना में डोसा वाले और उनके कर्मचारियों के खिलाफ 109 के तहत मुकदमा दर्ज लेकिन डोसा वाले कि पहुंच ऊपर तक होने के चक्कर में डेढ़ हफ्ते तक कोई कार्रवाई नही। इसी बात से खफा बेटियों ने डोसे वाले के दुकान पर जाकर वीडियो बना गुस्से का इजहार करना शुरू किया। इधर डोसे वाले के कर्मचारियों ने भी गुंडा टैक्स मांगने का आरोप लगा वीडियो बनाया जिससे बेटियां गुस्से में बेकाबू हो गई और दुकान में तोड़फोड़ कर डाला। यह स्थिति बेहद संवेदनशील और पीड़ादायक है। जब किसी परिवार के मुखिया पर जानलेवा हमला हो और हफ्तों तक कोई कार्रवाई न दिखे, तो परिवार के भीतर हताशा, बेबसी और गुस्सा पनपना स्वाभाविक है।हालांकि कानून के दायरे में रहकर उठाया गया कदम ही केस को मजबूत रखता है, क्योंकि गलत या उग्र तरीका कई बार खुद पीड़ित परिवार के खिलाफ़ चला जाता है। यदि आपके मामले में पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करती है तो कई अन्य तरीके हैं जिससे अपनी बातों को आप पहुंच सकते हैं यह तरीका सही नहीं था बाकी बेटियों का भविष्य सुरक्षित हो हम यही दुआ करते हैं.
— Tushar Rai (@tusharcrai) November 16, 2026
पुलिस कार्रवाई में देरी से नाराज दोनों युवतियां डोसा शॉप पहुंचीं. उन्होंने दुकान के बाहर और आसपास वीडियो बनाकर अपने पिता के साथ हुई कथित मारपीट का विरोध जताना शुरू कर दिया. इसी दौरान दुकान के कर्मचारियों की ओर से भी वीडियो बनाया गया. कर्मचारियों ने युवतियों पर गुंडा टैक्स मांगने जैसे आरोप लगाए. इन आरोपों को सुनकर युवतियां और भड़क गईं.
बर्नर फेंका और तोड़ा सामान
इसके बाद विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया. युवतियां दुकान के अंदर घुस गईं और वहां रखे सामान को फेंकने लगीं. डोसा बनाने वाला बर्नर तक फेंक दिया गया और दुकान में तोड़फोड़ शुरू हो गई. इस दौरान कर्मचारियों और युवतियों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट के भी आरोप लगे. दुकान में मौजूद ग्राहकों के बीच अफरा-तफरी मच गई. घटना का वीडियो सीसीटीवी और मोबाइल कैमरों में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
दुकानदार ने भी लगाए गंभीर आरोप
दूसरी तरफ दुकानदार बाल मुकुंद पांडेय ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि युवतियों ने दुकान में घुसकर सामान तोड़ा, कर्मचारियों और ग्राहकों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी. शिकायत में गल्ले में हाथ डालने की कोशिश का भी जिक्र है. दुकानदार का कहना है कि इस हंगामे में दुकान के कर्मचारियों और एक ग्राहक को भी चोटें आईं. घटना के बाद दुकानदार की शिकायत पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर दोनों युवतियों की पहचान कर मामले की जांच कर रही है.