अगर आप भी किसी बड़े ब्रांड के नाम पर आंख मूंदकर भरोसा करते हैं, तो जरा ठहरिए. Samsung को लेकर हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने ब्रांड की ‘प्रीमियम सर्विस’ और क्वालिटी के दावों की पोल खोलकर रख दी है. एक तरफ कंपनियां नए-नए फीचर्स और बड़े-बड़े वादों के साथ अपने प्रोडक्ट्स बाजार में उतारती हैं, वहीं दूसरी तरफ जब कोई ग्राहक सालों पुराना भरोसा जताकर लाखों रुपये खर्च करता है, तो उसे बदले में सिर्फ बदइंतजामी और निराशा हाथ लगती है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वाकया तेजी से चर्चा में आ गया है, जहां एक यूजर ने सैमसंग की क्लास लगाते हुए अपनी भड़ास निकाली है. लेकिन आखिर ऐसा क्या हुआ कि सालों पुराना वफादार ग्राहक भी इस ब्रांड को बाय-बाय कहने पर मजबूर हो गया?
1 साल से परेशान, सुनवाई ज़ीरो
रविंदर सिंह रावल (Ravinder Singh Rawal) नाम के एक यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर सैमसंग इंडिया (@SamsungIndia) को टैग करते हुए अपना दर्द बयां किया है. यूजर का कहना है कि वे पिछले 1 साल से भी ज्यादा समय से अपने सैमसंग टीवी को लेकर बेहद परेशान हैं.
यूजर ने ब्रांड की घटिया सर्विस और प्रोडक्ट की क्वालिटी पर सवाल उठाते हुए लिखा, ‘भारी-भरकम दावों के बावजूद टीवी में लगातार खराबी आ रही है. शिकायत दर्ज कराने के बाद भी कस्टमर केयर की तरफ से कोई सही जवाब देखने को नहीं मिला. 1 साल का वक्त बीत जाने के बाद भी कंपनी समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाल सकी.
‘अब किसी को सलाह नहीं दूंगा…’
यूजर ने अपनी पोस्ट में साफ लिखा कि वे सालों से सैमसंग ब्रांड पर भरोसा करते आए हैं. लेकिन इस कड़वे अनुभव के बाद उनका भरोसा पूरी तरह से टूट चुका है. यूजर ने आगे कहा कि अब वे किसी भी शख्स को इस ब्रांड के प्रोडक्ट्स खरीदने की सलाह बिल्कुल नहीं देंगे.
@SamsungIndia Extremely disappointed with Samsung TV. Have been facing issues for over a year, with poor product reliability, inconsistent customer support, and no satisfactory resolution.
After years of trusting Samsung, I no longer feel confident recommending the brand&Quality
— Ravinder Singh Rawal (@Ravinde84194246) September 2, 2026
सोशल मीडिया पर आए दिन फूटता है ग्राहकों का गुस्सा
सैमसंग को लेकर ऐसे मामले किसी एक ग्राहक तक सीमित नहीं हैं. आए दिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग कंपनी की सर्विस और प्रोडक्ट्स की क्वालिटी को लेकर अपनी भड़ास निकालते नजर आते हैं. हाल ही में सामने आए कुछ और ट्वीट्स इस बात की गवाही देते हैं:
नीलम महाजन सिंह नाम की एक यूजर ने एक्स (ट्विटर) पर सीधे सैमसंग के आला अधिकारियों और दिल्ली पुलिस को टैग करते हुए कंपनी पर फर्जी, डिफेक्टिव और ‘डेड मदरबोर्ड’ वाले मोबाइल फोन बेचने के आरोप लगाए. उन्होंने तो सर्विस सेंटर के रवैये से तंग आकर क्रिमिनल कंप्लेंट तक दर्ज कराने की बात कह दी.
एक अन्य यूजर हिमांशु पुरोहित ने भी अपनी आपबीती साझा की. उनके Samsung Galaxy S21 FE फोन की डिस्प्ले पर अचानक से मशहूर ‘व्हाइट लाइन’ (White Line) उभर आई. कोई भी फिजिकल डैमेज न होने के बावजूद, सर्विस सेंटर ने 3 साल की फ्री रिप्लेसमेंट अवधि खत्म होने का हवाला देकर रिपेयरिंग के नाम पर करीब 11,000 की भारी-भरकम मांग रख दी.

ब्रांड्स जिस तरह से विज्ञापन में बड़े-बड़े वादे करते हैं, अगर आफ्टर-सेल्स सर्विस में इस तरह का रवैया रहेगा तो ग्राहकों का भरोसा टूटना लाजमी है. फिलहाल इस मामले पर सैमसंग की तरफ से क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.