Bihar Crime News: बिहार के कटिहार के आजमनगर थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक कलयुगी दामाद ने दहेज की मांग को लेकर दिनदहाड़े अपनी सास और साली के साथ बेरहमी से मारपीट की. इसकी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. जानकारी के अनुसार, आजमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकटीया बैरिया गांव निवासी 58 वर्षीय सीमा खातून अपनी बेटी और बेटे के साथ धूमनगर मदरसा जा रही थीं. इसी दौरान बेरिया घाट के पास उनका 30 वर्षीय दामाद मोहम्मद अशरफुल आ गया. महिला का दामाद इमामनगर का रहने वाला बताया जा रहा है. आरोपी ने अपनी सास और साली को रास्ते में रोक लिया. इसके बाद उसने पहले गाली-गलौज की और फिर देखते ही देखते अपनी कमर से बेल्ट निकालकर सास पर हमला कर दिया.
साली की भी कर दी पिटाई
कहा जा रहा है कि जब सीमा खातून की बेटी ने मां के साथ हो रही मारपीट का विरोध किया, तो आरोपी जीजा ने उसे भी नहीं बख्शा और बेल्ट से उसकी भी बेरहमी से पिटाई कर दी. दिनदहाड़े हुई इस घटना से आसपास के लोग भी सहम गए. हालांकि इस बात का पता नहीं चल सका है कि उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की या नहीं.
पुलिस पर लगाया आरोप
घटना के बाद पीड़ित परिवार सीधे आजमनगर थाना पहुंचा. वहां पर उन्होंने लिखित में शिकायत की और आरोपी को सजा देने की गुहार लगाई. हालांकि पीड़ित महिला का कहना है कि लिखित में शिकायत दिए हुए 9 दिन का समय हो गया है, लेकिन आजमनगर पुलिस ने अब तक इस आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं की है. हालांकि सरेआम इस तरह की घटना ने समाज में रिश्तों की मर्यादा और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. खुलेआम इस तरह की पिटाई ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. इस मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है.