Gold Silver Price Hike: देश में सोना और चांदी खरीदना महंगा होने जा रहा है. केंद्र सरकार के ताजा फैसले के बाद सोना, चांदी और अन्य दूसरी कीमती मेटल्स पर लगने वाली इंपोर्ट ड्यूटी बढ़कर 10 प्रतिशत हो गई है. केंद्रीय वित्त मंत्रालय की ओर से मंगलवार (12 मई, 2026) को इसका एक नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है. यह नया नियम 13 मई, 2026 से लागू हो गया है. इसका मतलब यह है कि बुधवार से ही सोना और चांदी समेत अन्य धातुओं की कीमतों में इजाफा हो गया है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, बुधवार को सरकार ने सोने और चांदी पर इंपोर्ट टैरिफ 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया. इस कदम का मकसद कीमती धातुओं के इंपोर्ट पर रोक लगाना और भारत के विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव को कम करना है.
पीएम मोदी की अपील के बाद हुआ एलान
उधर, ड्यूटी में यह भारी बढ़ोतरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उस अपील के कुछ ही दिनों बाद हुई है, जिसमें उन्होंने भारतीयों से कहा था कि वे मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष से जुड़े बढ़ते आर्थिक दबावों के बीच राष्ट्रीय हित में एक साल तक सोना खरीदने से बचें. उम्मीद है कि इस बढ़े हुए टैरिफ से कीमती धातुओं के दुनिया के दूसरे सबसे बड़े उपभोक्ता देश में इनकी मांग में कमी आएगी.
उधर, अर्थशास्त्रियों का कहना है कि इस कदम से भारत के व्यापार घाटे को कम करने और रुपये को सहारा देने में मदद मिल सकती है, जो हाल के महीनों में एशिया की सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाली मुद्राओं में से एक रहा है.
ऐसे में अगर आप भी सोना, चांदी या फिर अन्य धातु को खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो अतिरिक्त पैसा खर्च करने के लिए तैयार रहें. सोना-चांदी खरीदना अब और महंगा पड़ सकता है. सरकार ने मंगलवार को एक बड़ा फैसला लेते हुए सोने, चांदी और दूसरी कीमती मेटल्स के आयात पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी बढ़ाकर 10% कर दी है.
गोल्ड पर कुल इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़कर 15% हुई
यहां पर बता दें कि गोल्ड पर एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 5 प्रतिशत किया गया. इसके अलावा UAE से तय मात्रा में कोटा के तहत आने वाले गोल्ड पर भी इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाई गई. UAE से तय मात्रा में कोटा के तहत रियायती दर पर इंपोर्ट ड्यूटी लगती थी.