8th Pay Commission Update News: केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वें वेतन आयोग से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है. आयोग के गठन को एक साल पूरा हो चुका है यानी कि अब इसकी कुल अवधि का करीब 66 फीसदी समय बीत चुका है. ऐसे में कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की नजरें आयोग की अंतिम सिफारिशों पर टिकी हैं. सबसे ज्यादा इंतजार फिटमेंट फैक्टर और नए वेतन ढांचे को लेकर है, क्योंकि इन्हीं के आधार पर आने वाले समय में सैलरी और पेंशन में बदलाव हो सकता है.
आयोग ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए बताया है कि कर्मचारी और पेंशनभोगी अब अंतिम सिफारिशों का इंतजार कर सकते हैं. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि फिटमेंट फैक्टर कितना होगा और कर्मचारियों की सैलरी में कितनी बढ़ोतरी की जाएगी.
1 करोड़ से ज्यादा कर्मचारियों को मिल सकता है फायदा
8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का फायदा एक करोड़ से ज्यादा लोगों को मिलने की उम्मीद है. इनमें करीब 50 लाख केंद्रीय सरकारी कर्मचारी और लगभग 65 लाख पेंशनभोगी शामिल हैं.इसमें रेलवे और रक्षा क्षेत्र के कर्मचारी और रिटायर कर्मचारी भी शामिल हैं. यानी आयोग की सिफारिशें लागू होने पर इसका असर देश के लाखों परिवारों की आमदनी पर पड़ सकता है.
फिटमेंट फैक्टर से कैसे बढ़ेगी सैलरी?
फिटमेंट फैक्टर वह गुणांक होता है, जिसके आधार पर पुराने वेतन को नए वेतन ढांचे में बदला जाता है. आसान भाषा में समझें तो मौजूदा बेसिक सैलरी को फिटमेंट फैक्टर से गुणा करके नई बेसिक सैलरी तय की जा सकती है. उदाहरण के लिए, अगर किसी कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी 30,000 रुपये है और फिटमेंट फैक्टर 2.0 तय होता है, तो उसकी नई बेसिक सैलरी 60,000 रुपये हो सकती है.हालांकि, यह केवल समझाने के लिए दिया गया उदाहरण है. 8वें वेतन आयोग ने अभी तक किसी फिटमेंट फैक्टर की घोषणा नहीं की है.
नई सैलरी तय होने के बाद महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और दूसरे भत्तों में भी बदलाव हो सकता है. आयोग को वेतन मैट्रिक्स, प्रमोशन, इंक्रीमेंट और कर्मचारियों की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखकर सिफारिशें देनी हैं.
अब तक क्या-क्या हुआ?
8वें वेतन आयोग की आधिकारिक बैठकें मार्च में शुरू हुई थीं. इसके बाद कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और विभिन्न संगठनों से सुझाव और आंकड़े जमा करने की प्रक्रिया चली.जुलाई में सुझाव और आंकड़े जमा करने की समयसीमा समाप्त हो गई. कर्मचारी यूनियनों, श्रमिक संगठनों, मंत्रालयों और पेंशनभोगियों के प्रतिनिधियों से मिले सुझावों का अब विश्लेषण किया जाएगा.इन सुझावों के आधार पर आयोग वेतन, भत्तों, पेंशन और अन्य सुविधाओं को लेकर अपनी सिफारिशें तैयार करेगा. कर्मचारी संगठनों की मांगों में वेतन वृद्धि, पेंशन फॉर्मूले में बदलाव और भत्तों को बेहतर बनाने जैसे मुद्दे शामिल हैं.
कब तक आएगी अंतिम रिपोर्ट?
8वें वेतन आयोग को अपने गठन के 18 महीने के भीतर सिफारिशें देनी हैं. इस हिसाब से आयोग के पास रिपोर्ट सौंपने के लिए मई 2027 तक का समय है.लेकिन रिपोर्ट आने का मतलब यह नहीं है कि कर्मचारियों की बढ़ी हुई सैलरी तुरंत मिलनी शुरू हो जाएगी. सिफारिशों पर सरकार का फैसला, मंजूरी और उन्हें लागू करने की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी.इस पूरी प्रक्रिया में दो से तीन साल तक का समय लग सकता है. ऐसे में अगर 2027 में वेतन बढ़ोतरी की घोषणा होती है, तो उसका पूरा लाभ कर्मचारियों को 2029 या 2030 तक मिल सकता है. फिलहाल कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को फिटमेंट फैक्टर, नए वेतन मैट्रिक्स और पेंशन में बदलाव की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा. आयोग की अंतिम रिपोर्ट ही बताएगी कि किसकी सैलरी और पेंशन में कितनी बढ़ोतरी होगी. आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं. पंकज जैन, पूर्व आईएएस अधिकारी, आयोग के सदस्य सचिव हैं. वहीं, प्रोफेसर पुलक घोष आयोग के सदस्य हैं.