Paytm Shares: शेयर बाजार में गुरुवार को फिनटेक कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली. Paytm, MobiKwik और Pine Labs के शेयरों में तेज गिरावट आई. इसकी बड़ी वजह UPI पेमेंट पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू करने की प्रस्तावित योजना में देरी की खबर मानी जा रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार इस चार्ज को 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद लागू करने पर विचार कर सकती है. हालांकि, इस संबंध में अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
गुरुवार को Paytm की पैरेंट कंपनी One 97 Communications का शेयर करीब 8.6% टूट गया. वहीं, MobiKwik के शेयर में 7.42% और Pine Labs में करीब 4.77% की गिरावट दर्ज की गई. इससे पहले Paytm का शेयर 1,890 रुपये के पिछले बंद भाव के मुकाबले 1,800 रुपये पर खुला और कारोबार के दौरान 1,722.80 रुपये तक फिसल गया.
UPI चार्ज में देरी से क्यों टूटी फिनटेक कंपनियां?
दरअसल, UPI के जरिए कारोबारियों से होने वाले कुछ भुगतानों पर 0.4% MDR चार्ज लगाने का प्रस्ताव चर्चा में है. MDR वह फीस होती है, जो डिजिटल पेमेंट स्वीकार करने के बदले मर्चेंट यानी दुकानदार पेमेंट सर्विस देने वाली कंपनी को देता है.
इस प्रस्ताव से Paytm, Pine Labs और दूसरी पेमेंट कंपनियों के लिए कमाई का नया रास्ता खुल सकता है. लेकिन अगर इसे 2027 के विधानसभा चुनावों के बाद तक टाल दिया जाता है तो कंपनियों को इस अतिरिक्त आय के लिए और इंतजार करना पड़ सकता है. बाजार में इसी आशंका के चलते निवेशकों ने इन शेयरों में बिकवाली की.
Paytm, MobiKwik और Pine Labs के शेयरों का हाल
गुरुवार सुबह करीब 10:51 बजे Paytm का शेयर 1,727.50 रुपये पर कारोबार कर रहा था. वहीं, MobiKwik का शेयर 7.42% गिरकर 209.90 रुपये पर आ गया. कारोबार के दौरान इसने 206.61 रुपये का निचला स्तर छुआ. Pine Labs का शेयर भी 4.77% टूटकर 161.28 रुपये पर पहुंच गया.
कमजोरी सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं है. पिछले एक सप्ताह में Paytm के शेयर में 10.26% की गिरावट आई है. इसी दौरान MobiKwik और Pine Labs के शेयर भी 8% से ज्यादा टूट चुके हैं. इसके मुकाबले Nifty Midcap 50 इंडेक्स में करीब 1.26% की गिरावट रही.
MDR में देरी से कंपनियों की कमाई पर क्या असर?
ब्रोकरेज फर्म ICICI Securities के मुताबिक, UPI पर प्रस्तावित चार्ज पहले 15 अक्टूबर से लागू होने की चर्चा थी, लेकिन बाद में इसे दिवाली के बाद तक टाल दिया गया. अब इसमें और देरी होने की आशंका से पेमेंट कंपनियों की निकट अवधि की कमाई प्रभावित हो सकती है.
वहीं, NPCI ने 11 नवंबर को UPI Vyapaar Saksham योजना की घोषणा की थी. इसका उद्देश्य छोटे कारोबारियों को QR कोड और साउंडबॉक्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद करना है. प्रस्तावित व्यवस्था के तहत MDR से मिलने वाली रकम से इस योजना को तीन साल तक फंड किया जाना है.
Pine Labs ने भी अपनी दूसरी तिमाही की निवेशक प्रस्तुति में UPI मर्चेंट पेमेंट पर प्रस्तावित चार्ज को भविष्य में कमाई बढ़ाने वाला संभावित जरिया बताया था. ऐसे में MDR लागू होने में देरी से कंपनी की अतिरिक्त कमाई की उम्मीदों पर असर पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: दिसंबर में IPO की होगी धूम, 6 कंपनियां जुटाएंगी ₹12,000 करोड़, निवेशकों के लिए खुल सकते हैं कमाई के मौके