Angkrish Raghuvanshi Controversial Out: आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपरजायंट्स के मैच में एक बेहद विवादित घटना देखने को मिली, जब कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को ‘ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड’ यानी फील्डिंग में बाधा डालने के कारण आउट दिया गया. वह इस सीजन में इस तरह आउट होने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. बता दें कि ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड क्रिकेट का एक आउट होने का तरीका है, जिसमें बैटर जानबूझकर फील्डिंग टीम को रन आउट करने से रोकता है.
घटना पावरप्ले के दौरान हुई जब लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज़ गेंदबाज प्रिंस यादव ने लेंथ गेंद डाली, जिस पर अंगकृष रघुवंशी ने हल्के हाथों से मिड-ऑन की दिशा में शॉट खेला. रन लेने के लिए रघुवंशी दौड़ पड़े, लेकिन दूसरे छोर पर मौजूद बल्लेबाज़ कैमरन ग्रीन ने उन्हें तुरंत वापस भेज दिया. रघुवंशी तेजी से क्रीज में लौटने के लिए डाइव लगाते हुए पहुंचे. इसी दौरान फील्डर मोहम्मद शमी का थ्रो बल्लेबाज़ी छोर पर आया और गेंद रघुवंशी के शरीर से टकरा गई.
अंपायर ने क्यों दिया आउट?
इसके बाद शमी और लखनऊ के खिलाड़ियों ने तुरंत “ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड” की अपील कर दी. ऑन-फील्ड अंपायर ने मामला तीसरे अंपायर को भेजा, जिन्होंने रिप्ले देखने के बाद माना कि रघुवंशी ने जानबूझकर अपनी दौड़ने की दिशा बदली और थ्रो के रास्ते में आए. इसी आधार पर उन्हें आउट करार दे दिया गया. हालांकि यह फैसला KKR कैंप को बिल्कुल पसंद नहीं आया. डगआउट में मौजूद खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ इस निर्णय से हैरान नजर आए.
अंगकृष ने फेंका हेलमेट
बल्लेबाज़ अंगकृष रघुवंशी भी बेहद निराश दिखे. पवेलियन लौटते समय उन्होंने गुस्से में अपना बल्ला जमीन पर पटका और हेलमेट फेंक दिया. टीम के मेंटर अभिषेक नायर भी चौथे अंपायर से इस फैसले पर तीखी बहस करते दिखे. रघुवंशी ने आउट होने से पहले 8 गेंदों में 9 रन बनाए थे, जिसमें एक चौका शामिल था. उनका विकेट KKR के लिए बड़ा झटका साबित हुआ क्योंकि टीम पावरप्ले के भीतर ही तीन विकेट गंवा चुकी थी. यह फैसला अब सोशल मीडिया और क्रिकेट एक्सपर्ट के बीच बहस का विषय बन गया है. कई लोगों का मानना है कि बल्लेबाज़ का दिशा बदलना स्वाभाविक था और उसमें जानबूझकर बाधा डालने का इरादा नहीं था.