Diljit Dosanjh Concert: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर दिल्ली में तैयारियां पूरी हैं लेकिन अगर आप 30 अक्टूबर को घर से बाहर निकलने वाले हैं तो थोड़ा संभलकर. जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले इस म्यूजिक कॉन्सर्ट के कारण आसपास की कई सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था बदली गई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू करने का फैसला किया है.
कॉन्सर्ट के चलते भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, चौथी और पांचवीं एवेन्यू रोड पर यातायात प्रभावित रहेगा. इसके अलावा CGO कॉम्प्लेक्स, बारापुला फ्लाईओवर, दयाल सिंह कॉलेज रोड और लोधी कॉलोनी की अंदरूनी सड़कों पर भी ट्रैफिक में बदलाव किया गया है. JLN स्टेडियम के आसपास के रास्तों पर भी वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है.
इन रास्तों से गुजरने वाले रखें ध्यान
लोधी रोड से दयाल सिंह कॉलेज रोड जाने वाले वाहनों को सीधे जाने की अनुमति नहीं होगी. उन्हें लोधी फ्लाईओवर की तरफ भेजा जाएगा. वहीं, लाला लाजपत राय मार्ग से स्टेडियम की ओर जाने वाले वाहन भी डायवर्ट होंगे. भीष्म पितामह मार्ग से स्टेडियम की तरफ आने वालों को गेट नंबर 1 और कोटला मुबारकपुर की ओर जाने से रोका जाएगा. जरूरत पड़ने पर कोटला मुबारकपुर और लोधी रोड के टी-पॉइंट पर भी अतिरिक्त डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं.
मेट्रो से पहुंचना बेहतर विकल्प
ट्रैफिक पुलिस ने कॉन्सर्ट में शामिल होने वालों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो से आने की सलाह दी है. वायलेट लाइन से आने वाले लोग JLN स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं. वहीं, येलो लाइन से आने वाले लोग INA मेट्रो स्टेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं. इन स्टेशनों से तय गेट तक पैदल या कैब-ऑटो के जरिए पहुंचा जा सकेगा.
कैब और ऑटो के लिए ड्रॉप पॉइंट
कैब और ऑटो के लिए आर्च बिशप मार्ग, लाल मस्जिद-प्रगति विहार और कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट पर पिकअप और ड्रॉप की व्यवस्था की गई है. इन जगहों से स्टेडियम के निर्धारित गेट तक पहुंचा जा सकता है. खास बात यह है कि स्टेडियम में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी, इसलिए अपनी गाड़ी लेकर आने से बचें. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस और मेडिकल इमरजेंसी वाहनों के लिए रास्ता खुला रखा जाएगा. लोगों से अपील की गई है कि वे सड़क पर वाहन पार्क न करें और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें. ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी के लिए 1095 और इमरजेंसी में 112 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: Bihar News: कौन थे दुलारचंद यादव, जिनकी हत्या के मामले में Anant Singh जाएंगे जेल, सुप्रीम कोर्ट से लगा झटका