Kyle Jamieson vs Vaibhav Suryavanshi: दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन को राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आक्रामक अंदाज में रिएक्शन देने के कारण एक डिमेरिट पाइंट और आधिकारिक चेतावनी दी गई है. यह घटना शुक्रवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 मुकाबले के दौरान हुई. आईपीएल के आधिकारिक बयान में कहा गया, “काइल जैमीसन को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच संख्या 43 के दौरान खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आईपीएल आचार संहिता के स्तर 1 उल्लंघन के लिए एक अवगुण अंक और चेतावनी दी गई है.”
न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज को आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के उल्लंघन का दोषी पाया गया, जो ऐसे शब्दों, हावभाव या व्यवहार से संबंधित है जो किसी खिलाड़ी को उकसा सकते हैं या अपमानित कर सकते हैं. यह घटना राजस्थान की पारी के दूसरे ओवर में हुई, जब जैमीसन ने 15 साल वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद आक्रामक अंदाज में उनके पास जाकर जश्न मनाया.
जैमीसन ने स्वीकार की अपनी गलती
जैमीसन ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी राजीव सेठ द्वारा दी गई सजा को मान लिया. इस विवाद के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराकर आईपीएल 2026 सत्र में अपनी चौथी जीत दर्ज की. इस मुकाबले में वैभव सर्यवंशी 4 गेंदों में 2 रन बनाकर आउट हो गए थे.
ये भी पढ़ें:-IPL में पूरे किए 200 विकेट… भारतीय गेंदबाज का इंडियन प्रीमियर लीग में बड़ा कारनामा, रच दिया इतिहास
क्या था मैच का हाल?
पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 225 रन पर 6 विकेट बनाए. कप्तान रियान पराग ने 50 गेंदों में 90 रन बनाए, जबकि डोनोवन फरेरा ने 14 गेंदों में नाबाद 47 रन की विस्फोटक पारी खेली. दिल्ली के लिए मिचेल स्टार्क ने 3 विकेट लेकर 40 रन दिए. लक्ष्य का पीछा करते हुए केएल राहुल ने 40 गेंदों में 75 रन और पाथुम निसांका ने 33 गेंदों में 62 रन बनाए. दोनों ने पहले विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी कर दिल्ली को शानदार जीत दिलाई.