Bhiwandi Hotel Viral Video: महाराष्ट्र के भिवंडी में एक होटल के अंदर गाना बदलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. यहां दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई. आरोप है कि एक गुट के युवक ने पिस्टल से फायरिंग की, जबकि दूसरे गुट के लोगों ने चॉपर से हमला कर दिया. इस घटना में कुछ लोग घायल भी हुए हैं. पूरी वारदात होटल में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई.
होटल में गाना बदलने को लेकर शुरू हुआ विवाद
यह घटना मुंबई-नासिक हाईवे पर सोनाले इलाके में स्थित त्विशा होटल की है. जानकारी के मुताबिक, होटल में एक टेबल पर मुसा भाई का गाना बज रहा था. इसी दौरान दूसरे गुट के कुछ लोगों ने गाना बंद करके मराठी गाना लगाने की मांग की. इसके बाद गाने और साउंड बॉक्स को दूसरी टेबल पर रखने को लेकर दोनों गुटों के बीच बहस शुरू हो गई. शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला काफी बढ़ गया.
देखते ही देखते शुरू हो गई मारपीट और फायरिंग
गाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए. होटल के अंदर जमकर मारपीट हुई. आरोप है कि इसी दौरान साईनाथ पाटील नाम के युवक ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी. वहीं, दूसरे गुट की ओर से शिकायत में चॉपर से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है. इस झड़प में कुछ लोग घायल हो गए. अचानक हुई इस घटना से होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. होटल में हुई इस पूरी मारपीट और हंगामे का CCTV फुटेज सामने आया है. वीडियो में दोनों गुटों के बीच हुई झड़प देखी जा सकती है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस ने दोनों गुटों के 11 आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने के बाद भिवंडी तालुका पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. गाना बदलने जैसी छोटी-सी बात पर शुरू हुआ विवाद फायरिंग और चॉपर से हमले तक पहुंच गया. इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक जगहों पर बढ़ती हिंसा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
ये भी पढ़ें: कुकर की ढक्कन से पीटा, फिर चाकू से पेट फाड़ा; ज्यादा फोन चलाने को लेकर टोकने पर पिता की हत्या