Bhuvneshwar Kumar IPL Wickets: नई दिल्ली. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल में इतिहास रच दिया है. वह आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं. इससे पहले किसी भी गेंदबाज ने यह कारनामा नहीं किया था. यह कारनामा उन्होंने गुजरात जायंट्स के खिलाफ मुकाबले में किया. आरसीबी के खिलाफ हुए मैच में गुजरात टाइटंस ने 4 विकेट से शानदार जीत दर्ज की थी. गुजरात की टीम इस जीत के साथ पाइंट्स टेबल के 5वें नंबर पर पहुंच गई.
भुवनेश्वर कुमार को 200 विकेट पूरे करने के लिए सिर्फ 2 विकेट चाहिए थे. जिसे उन्होंने शुरुआती पांच ओवरों के भीतर साई सुदर्शन और शुभमन गिल को आउट कर पूरा कर लिया. आईपीएल 2026 की पर्पल कैप रेस में आगे चल रहे भुवनेश्वर ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपने विकेटों का खाता तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर खोला, जब जितेश शर्मा ने साई सुदर्शन का कैच लपका. सुदर्शन केवल 5 गेंदों में 6 रन बना सके.
इसके बाद भुवनेश्वर ने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल को आउट कर अपना 200वां आईपीएल विकेट भारत में पूरा किया. गिल ने 18 गेंदों में 43 रन बनाए थे और उनका कैच विराट कोहली ने पकड़ा. भारत में 200 आईपीएल विकेट पूरे करने के बाद भुवनेश्वर ने जोस बटलर को भी बोल्ड कर अपना तीसरा विकेट हासिल किया. उन्होंने गुजरात की 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते समय आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर बटलर को पवेलियन भेजा.
ये भी पढ़ें:-वैभव सूर्यवंशी के लिए टीम इंडिया में जगह बनाना आसान नहीं? शिखर धवन ने बताया क्यों, बोले- हमारे समय में
भारत में सबसे ज्यादा आईपीएल विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में भुवनेश्वर के बाद युजवेंद्र चहल का नाम आता है, जिन्होंने भारत में खेले 154 आईपीएल मैचों में 186 विकेट लिए हैं. भुवनेश्वर अब तक आईपीएल में पुणे वॉरियर्स इंडिया, सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने यूएई में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 15 आईपीएल मुकाबले भी खेले हैं.