33
आईपीएल 2026 के अगले मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका लगा है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में चोटिल हुए रोहित शर्मा समय पर फिट होते नहीं दिख रहे हैं. वानखेड़े स्टेडियम के मैदान पर मुंबई की पारी के दौरान रन लेते समय रोहित शर्मा को हैमस्ट्रिंग में परेशानी महसूस हुई थी. इसके बाद वह मैदान छोड़कर बाहर चले गए थे. शुरुआत में उम्मीद थी कि वह दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका और मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा.
अब चिंता और बढ़ गई है. पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले से पहले रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस के अभ्यास सत्र में हिस्सा नहीं लिया. वहीं उनकी चोट की जांच रिपोर्ट से भी साफ तस्वीर सामने नहीं आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच में कोई बड़ी चोट या मांसपेशी फटने जैसी बात सामने नहीं आई है, लेकिन यह भी तय नहीं हो पाया है कि रोहित पूरी तरह फिट हैं. इसी वजह से मुंबई इंडियंस टीम प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता. हो सकता है कि वह पूरे टूर्नामेंट में भी बाहर हो सकते हैं.
2 मैच मिस करने की कगार पर
अब ऐसी संभावना जताई जा रही है कि रोहित शर्मा सिर्फ पंजाब किंग्स के खिलाफ ही नहीं, बल्कि गुजरात टाइटंस के खिलाफ अगले मुकाबले से भी बाहर रह सकते हैं. यह मुंबई इंडियंस के लिए बड़ा झटका होगा, क्योंकि टीम पहले से ही दबाव में है. आईपीएल 2026 में मुंबई की शुरुआत खराब रही है और टीम को वापसी के लिए लगातार जीत की जरूरत है. रोहित शर्मा इस सीजन में मुंबई के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं. उन्होंने चार मैचों में 137 रन बनाए हैं और शानदार लय में नजर आए हैं.
मेडिकल रिपोर्ट आना बाकी
अगर रोहित नहीं खेलते हैं, तो मुंबई इंडियंस को अपनी बल्लेबाजी में बदलाव करना पड़ेगा. रयान रिकेल्टन के साथ पारी की शुरुआत कौन करेगा यह भी एक सवाल है. फिलहाल अंतिम फैसला रोहित शर्मा की अगली मेडिकल जांच के बाद ही लिया जाएगा. तब तक मुंबई इंडियंस यही उम्मीद करेगी कि उसका सबसे बड़ा बल्लेबाज जल्द फिट होकर लौट आए.