SRH vs DC weather Forecast: आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) अपने होम ग्राउंड राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की मेजबानी करेगा. खास बात यह है कि दोनों ही टीमें अपनी पिछली जीत के उत्साह के साथ मैदान में उतरेंगी. हैदराबाद ने जहां चेन्नई सुपर किंग्स को धूल चटाई थी वहीं दिल्ली ने पिछले साल की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को मात दी है.
पॉइंट्स टेबल का समीकरण
पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो मुकाबला बराबरी का लग रहा है. SRH ने अब तक 6 मैच खेले हैं जिनमें 3 जीत और 3 हार के साथ वे चौथे पायदान पर हैं दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स ने 5 मैचों में से 3 जीते हैं और वे पांचवें स्थान पर काबिज हैं. प्ले-ऑफ की रेस में बने रहने के लिए दोनों ही टीमों के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है.
कैसा रहेगा हैदराबाद का मौसम?
मैच के दौरान मौसम की भूमिका अहम हो सकती है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक हैदराबाद में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. तापमान की बात करें तो अधिकतम पारा 39°C और न्यूनतम 27°C के आसपास रह सकता है जबकि हवा में नमी करीब 50% रहने की उम्मीद है.
पिच रिपोर्ट
आज हैदराबाद का राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम रनों की बारिश का गवाह बन सकता है. अगर बारिश ने खलल नहीं डाली तो, पिच काफी सख्त और सपाट है, जिस पर गेंद बल्ले पर बहुत अच्छे से आएगी. यहाँ की काली मिट्टी वाली सूखी पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है. शाम को ओस का असर हो सकता है, इसलिए टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगा ताकि बाद में लक्ष्य का पीछा करना आसान रहे.
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH): ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन
दिल्ली कैपिटल्स (DC): पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), करुण नायर, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, आकिब नबी, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन