वैभव ने 16 पारियों में 776 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 237.31 रहा. उन्होंने रन बनाने के मामले में विराट कोहली, शुभमन गिल और हाइनरिख क्लासेन जैसे बड़े खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया. आईपीएल 2026 समाप्त होने के बाद भारतीय टीम का ध्यान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की ओर होगा. भारत को पहले अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और फिर तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है. इसके बाद भारतीय टी20 टीम आयरलैंड दौरे पर जाएगी.
एमएसके प्रसाद का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी को इसी आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि वैभव सिर्फ एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि वह पहले ही दुनिया के बेहतरीन टी20 बल्लेबाजों में शामिल हो चुके हैं.
लंबे समय तक भारत के लिए खेल सकते हैं वैभव
वैभव सूर्यवंशी को श्रीलंका में होने वाली भारत ए टीम की त्रिकोणीय सीरीज के लिए भी चुना गया है. एमएसके प्रसाद का विश्वास है कि युवा बल्लेबाज वहां भी शानदार प्रदर्शन करेगा और जल्द ही सीनियर भारतीय टीम में जगह बना लेगा. उन्होंने कहा कि आमतौर पर खिलाड़ी भारत ए टीम से सीनियर टीम तक पहुंचते हैं, लेकिन आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन करना किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए सबसे बड़ी परीक्षा होती है.