Vaibhav Suryavanshi Upcoming Record: IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) एक बार फिर भिड़ने जा रहे हैं. यह मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जाएगा, जो शाम 7:30 बजे शुरू होगा. इस मैच में एक बार फिर 15 साल के सलामी विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर नजरें होंगी. पिछले मैच में राजस्थान रॉयल्स को हैदराबाद के सामने 57 रनों से हार मिली थी. इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) बिना खाता खोले आउट हो गए थे.
ऐसे में राजस्थान रॉयल्स की टीम इस मुकाबले में बदला लेने के लिए उतरेगी. वैभव सूर्यवंशी इस मैच में एक बार फिर अपनी टीम को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाना चाहेंगे. इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी के पास कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा. वैभव सूर्यवंशी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं.
वैभव सूर्यवंशी तोड़ेंगे गेल का रिकॉर्ड
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में अपने 50 छक्के पूरे करने से सिर्फ कुछ ही दूर हैं. वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में अभी तक 14 पारियों में 44 छक्के लगा चुके हैं. अगर वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 6 छक्के लगा देते हैं, तो उनके 50 सिक्स पूरे हो जाएंगे. इसी के साथ वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में सबसे कम पारियों में 50 सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. फिलहाल यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के खतरनाक बल्लेबाज क्रिस गेल (Chris Gayle) के नाम दर्ज है. क्रिस गेल ने आईपीएल में 25 पारियों में अपने 50 छक्के पूरे किए थे. ऐसे में अगर वैभव सूर्यवंशी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 6 सिक्स लगा देते हैं, तो वह 15 पारियों में 50 छक्के पूरे कर लेंगे.
IPL में सबसे तेज 50 छक्के लगाने का रिकॉर्ड
- क्रिस गेल- 25 पारियां
- आंद्रे रसेल- 32 पारियां
- अभिषेक शर्मा- 35 पारियां
- एविन लुईस- 37 पारियां
- निकोलस पूरन- 40 पारियां
वैभव सूर्यवंशी तोड़ना चाहते हैं ये रिकॉर्ड
IPL 2026 के शुरू होने से पहले वैभव सूर्यवंशी ने क्रिस गेल के महारिकॉर्ड तोड़ने की इच्छा जाहिर की थी. बीसीसीआई के नमन अवॉर्ड्स में इंटरव्यू के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने कहा था कि वह आईपीएल में क्रिस गेल के 175 रनों का रिकॉर्ड तोड़ना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि वह क्रिस गेल का यह रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश करेंगे. बता दें कि क्रिस गेल ने आईपीएल में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 175 रन बनाए थे, जो आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है.
1000 रन पूरे करने के करीब सूर्यवंशी
वैभव सूर्यवंशी टी20 क्रिकेट में अपने 1,000 रन पूरे करने के काफी करीब पहुंच गए हैं. वैभव सूर्यवंशी अभी तक टी20 में 955 रन बना चुके हैं. अब उन्हें टी20 में अपने एक हजार न पूरे करने के लिए सिर्फ 45 रन की जरूरत है.