Aishwarya Rai Bodyguard: सलमान खान और ऐश्वर्या राय बच्चन का पुराना रिश्ता एक बार फिर चर्चा में है. इस बार इसकी वजह अभिनेता और बॉडीबिल्डर केतन कराडे का एक इंटरव्यू है. केतन ने दावा किया है कि करीब 20 साल पहले उन्हें ऐश्वर्या राय की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी और इसके पीछे वजह सलमान खान थे. उन्होंने यह भी बताया कि विक्रम भट्ट के एक फैशन शो से लौटते समय उनकी गाड़ी के सामने सलमान खान आ गए थे. इस घटना के बाद उन्होंने यह काम छोड़ने का फैसला कर लिया था. हालांकि, केतन के इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
सलमान से बचाने के लिए ऐश्वर्या के बॉडीगार्ड बनाए जाने का दावा
केतन कराडे ने आर्ट मीडिया एंटरटेनमेंट को दिए इंटरव्यू में अपने पुराने अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि वह एक समय पर ऐश्वर्या राय के बॉडीगार्ड के तौर पर काम कर चुके हैं. उनके मुताबिक, उन्हें खास तौर पर सलमान खान से ऐश्वर्या को बचाने के लिए रखा गया था. केतन ने कहा कि यह करीब 20 साल पुरानी बात है और उनकी जिम्मेदारी ऐश्वर्या को घर से लेने, शूटिंग पर पहुंचाने और वापस लाने की थी. उन्होंने बताया कि उस दौरान ऐश्वर्या फिल्म ‘कुछ ना कहो’ की शूटिंग कर रही थीं. केतन ने यह भी कहा कि वह इस बारे में पहले कभी खुलकर बात नहीं करना चाहते थे, क्योंकि यह काफी पुराना मामला है. विक्रम भट्ट के फैशन शो के बाहर सलमान को देखकर घबरा गए थे सभी केतन ने इंटरव्यू में एक घटना का जिक्र भी किया. उनके मुताबिक, एक बार वह ऐश्वर्या को उनके घर से लेकर विक्रम भट्ट के फैशन शो में पहुंचे थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वे लोग कार से वापस लौट रहे थे, तब सामने सलमान खान खड़े दिखाई दिए. केतन के अनुसार, गाड़ी में मौजूद सभी लोग यह देखकर घबरा गए कि अब क्या करना चाहिए. उन्हें लगा कि शायद उन्हें कार से उतरना पड़ेगा, लेकिन ड्राइवर ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया. ड्राइवर ने खुद गाड़ी निकालने की बात कही और रास्ता बदलकर वहां से निकल गया. केतन ने बताया कि उस समय वह समझ नहीं पा रहे थे कि ऐसी स्थिति में उन्हें क्या करना चाहिए.
अगले ही दिन छोड़ दी थी नौकरी
केतन ने बताया कि इस घटना के बाद उन्होंने अगले ही दिन ऐश्वर्या के बॉडीगार्ड की नौकरी छोड़ने का फैसला कर लिया. उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि वह किसी तरह की मारपीट या विवाद में नहीं पड़ना चाहते थे. उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें लगा था कि सलमान के पास हथियार हो सकता है, लेकिन इस बात को लेकर उन्होंने खुद भी अनिश्चितता जताई.केतन के मुताबिक, वह बॉडीबिल्डिंग करते थे अपने करियर पर ध्यान देना चाहते थे. वह दो ऐसे लोगों के निजी विवाद के बीच नहीं आना चाहते थे, जिनके वह खुद प्रशंसक थे. उन्होंने कहा कि वह सलमान और ऐश्वर्या दोनों को पसंद करते थे, इसलिए इस तरह की स्थिति में काम करना उनके लिए सहज नहीं था.
सलमान और ऐश्वर्या का रिश्ता फिर चर्चा में
सलमान खान और ऐश्वर्या राय ने फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ में साथ काम किया था. इसी दौरान दोनों के रिश्ते की खबरें सामने आई थीं. बाद में दोनों अलग हो गए और उनका रिश्ता लंबे समय तक मनोरंजन जगत की चर्चाओं में बना रहा. अब केतन कराडे के इस इंटरव्यू ने एक बार फिर पुराने रिश्ते से जुड़ी चर्चाओं को हवा दे दी है. हालांकि, उनके द्वारा बताई गई बॉडीगार्ड की नियुक्ति और फैशन शो वाली घटना के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए इन्हें केतन के बयान के तौर पर ही देखा जाना चाहिए.