Nanded Road Accident: सड़क पर दौड़ती कार और सामने से आ रहा तेज रफ्तार कंटेनर… देखते ही देखते दोनों के बीच ऐसी जोरदार टक्कर हुई कि कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन इलाज के दौरान 18 साल के एक युवक ने दम तोड़ दिया. वहीं दूसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है. इस दर्दनाक हादसे का पूरा मंजर पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है.
यह हादसा महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में धर्माबाद तालुका के बाबली फाटा के पास हुआ. जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर की शाम करीब 5 बजकर 40 मिनट पर धर्माबाद-बाबली फाटा मार्ग पर एक कार और कंटेनर की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में बैठे दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं.
कार में सवार थे दो युवक
Nanded,Maharashtra – An 18-year-old youth lost his life and another person sustained serious injuries following a horrific head-on collision between a car and a container truck near Babhli Phata in Dharmabad taluka of Nanded district on Wednesday evening. The entire crash was captured on a nearby CCTV camera.
— NextMinute News (@nextminutenews7) November 20, 2026
हादसे के समय कार में 18 वर्षीय श्रीनाथ गंगाधर येवतीवाड और 20 वर्षीय धनराज मीनाजी लखमावाड मौजूद थे. दोनों युवक कहीं जा रहे थे, तभी रास्ते में सामने से आ रहे कंटेनर से उनकी कार भिड़ गई. टक्कर के बाद दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और उन्हें धर्माबाद के सरकारी ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों का उपचार शुरू किया. हालांकि, श्रीनाथ की हालत बेहद गंभीर थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. महज 18 साल की उम्र में उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया. वहीं धनराज की हालत भी गंभीर बनी हुई थी. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया. उसका शुरुआती उपचार डॉ. श्रीकांत पाटील ने किया.
CCTV में कैद हुई टक्कर
इस दुर्घटना का वीडियो आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है. हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. दुर्घटना में शामिल कार, कंटेनर और उसके चालक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: Caught On CCTV: हनीमून मनाने दार्जिलिंग गया था कपल, बारबेक्यू की आग ने उजाड़ दी खुशियां; नई नवेली दुल्हन की हुई मौत