Orange Purple Cap in IPL 2026: IPL 2026 का आधा सीजन लगभग खत्म हो गया है. शुक्रवार को सीजन का 34वां मैच खेला गया, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RBC) और गुजरात टाइटंस (GT) की भिड़ंत हुई. इस मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात को 5 विकेट से हरा दिया. इस मैच में आरसीबी की ओर से विराट कोहली ने सबसे ज्यादा रन बनाए. कोहली ने गुजरात के खिलाफ 44 गेंदों पर 81 रनों की पारी खेली, जिसमें 4 छक्के और 8 चौके लगाए. इसी के साथ विराट कोहली ने ऑरेंज कैप की रेस में लंबी छलांग लगाई है. इस पारी के बाद विराट कोहली ने ऑरेंज कैप की रेस में अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) को पीछे छोड़ते हुए पहले नंबर पर कब्जा कर लिया है. सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं. विराट कोहली ने अभी तक इस सीजन में 7 पारियों में जिनमें 54.67 की औसत और 163.18 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 328 रन बनाए हैं.
ऑरेंज कैप की रेस में वैभव सूर्यवंशी कहां?
IPL 2026 में ऑरेंज कैप की रोमांचक रेस जारी है. विराट कोहली (Virat Kohli) के बाद दूसरे नंबर पर अभिषेक शर्मा मौजूद हैं, जिन्होंने 7 पारियों में 53.83 की औसत और 215.33 के शानदार स्ट्राइक रेट के साथ 323 रन बनाए हैं. अभिषेक शर्मा के बल्ले से 2 अर्धशतक और एक शतक आया है. वहीं, तीसरे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद के धाकड़ बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन आते हैं. क्लासेन ने इस सीजन 7 मैच खेले हैं, जिनमें 53.33 की औसत और 153.11 के स्ट्राइक रेट के साथ कुल 320 रन बनाए हैं. इस दौरान क्लासेन के बल्ले से 3 अर्धशतक आए हैं. फिर चौथे नंबर पर आते हैं गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल, जिन्होंने 6 पारियों में 49.5 की औसत और 149.24 के स्ट्राइक रेट के साथ 297 रन बनाए हैं. इस दौरान गिल के बल्ले से 3 अर्धशतक आए हैं.
ऑरेंज कैप की रेस में चेन्नई सुपर किंग्स के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन 5वें नंबर पर हैं. संजू सैमसन ने अभी तक 7 पारियों में 58.6 की औसत और 178.65 की स्ट्राइक रेट से 293 रन बनाए हैं. इस दौरान संजू के बल्ले से 2 शतक आए हैं. वहीं, वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) की बात करें, तो वह टॉप-5 से बाहर होकर छठे नंबर पर आ गए हैं. वैभव सूर्यवंशी ने 7 पारियों में 36.28 की औसत और 220.86 की स्ट्राइक रेट से 254 रन बनाए हैं. इसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं.
ये भी पढ़ें:- IPL 2026 Points Table: कोलकाता-मुंबई का बुरा हाल, टॉप पर पंजाब किंग्स, क्या है RCB-SRH का हाल?
पर्पल कैप की रेस में कौन आगे?
पर्पल कैप की बात करें, तो चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज (Anshul Kamboj) ने पहले नंबर पर अपनी जगह बनाई हुई है. अंशुल कंबोज ने 7 पारियों में 8.95 की इकॉनमी से 14 विकेट चटकाए हैं. इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव आते हैं, जिन्होंने 7 पारियों में 8.38 की इकॉनमी से 13 विकेट हासिल किए हैं. फिर तीसरे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज ईशान मलिंगा मौजूद हैं. ईशान मलिंगा ने 7 मैचों में 9.43 की इकॉनमी से 12 विकेट अपने नाम किए हैं. फिर चौथे नंबर पर गुजरात टाइटंस के गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा आते हैं, जिन्होंने पिछले सीजन पर्पल कैप जीता था. प्रसिद्ध कृष्णा ने इस सीजन अभी तक 7 पारियों में 10.34 की इकॉनमी से 12 विकेट चटकाए हैं. फिर पांचवें नंबर पर आते हैं राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर. उन्होंने 7 पारियों में 7.96 की इकॉनमी से 11 विकेट हासिल किए हैं.