रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली शनिवार, 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले आईपीएल 2026 मुकाबले में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर सकते हैं. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मैच में विराट के पास टी20 क्रिकेट में नया इतिहास रचने का मौका होगा. आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज और ऑरेंज कैप होल्डर विराट कोहली भारत में 10,000 टी20 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन सकते हैं.
विराट ने अब तक भारत में खेले गए 289 टी20 मैचों की 283 पारियों में 9,932 रन बनाए हैं. ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अगर वह 68 रन बना लेते हैं, तो भारत में उनके 10,000 टी20 रन पूरे हो जाएंगे. एक देश में सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में विराट सबसे ऊपर हैं. उनके ज्यादातर रन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए आईपीएल और चैंपियंस लीग टी20 में आए हैं. उन्होंने भारत में आरसीबी के लिए 228 आईपीएल मैच और 10 चैंपियंस लीग टी20 मुकाबले खेले हैं.
इसके अलावा विराट ने भारतीय टीम के लिए घरेलू टी20 इंटरनेशनल मैचों में भी काफी रन बनाए हैं. 2010 से 2024 तक चले अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने भारत में 46 मैच खेले. वहीं अपने घरेलू टीम दिल्ली के लिए भी उन्होंने 5 टी20 मुकाबले खेले हैं. इस सूची में विराट के बाद रोहित शर्मा का नाम आता है. रोहित ने भारत में अब तक 8,563 टी20 रन बनाए हैं. उन्होंने ये रन मुंबई, मुंबई इंडियंस, डेक्कन चार्जर्स और भारतीय टीम के लिए खेलते हुए बनाए.
पूर्व भारतीय ओपनर शिखर धवन 7,626 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. वहीं इंग्लैंड के बल्लेबाज जेम्स विंस इंग्लैंड में 7,492 टी20 रन बनाकर चौथे नंबर पर मौजूद हैं. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में विराट के पास एक नहीं, बल्कि तीन बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा. विराट आईपीएल में 9,000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बनने से सिर्फ 111 रन दूर हैं. अभी तक उन्होंने आईपीएल में 8,889 रन बनाए हैं. इसके अलावा विराट कोहली आरसीबी के लिए 300 छक्के पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन सकते हैं. उनके नाम अभी 299 छक्के दर्ज हैं और सिर्फ एक छक्का लगाते ही वह यह उपलब्धि हासिल कर लेंगे.