43
सचिन तेंदुलकर ने शतक लगाया, फिर भी मुंबई इंडियंस मैच कैसे हार गई? आईपीएल 2011 में एक मुकाबला ऐसा भी हुआ था, जहां ब्रेंडन मैकुलम ने सचिन की यादगार पारी पर पानी फेर दिया. वानखेड़े स्टेडियम के मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट पर 182 रन बनाए. सचिन तेंदुलकर ने 66 गेंदों में नाबाद 100 रन की शानदार पारी खेली. इसके बाद पूरी मुंबई की टीम कॉन्फिडेंस में नजर आ रही थी.
सचिन तेंदुलकर ने इस मैच में 12 चौके और 3 छक्के लगाए और पारी की आखिरी गेंद पर अपना पहला टी20 शतक पूरा किया. उनके साथ अंबाती रायुडू ने भी 33 गेंदों में 53 रन बनाए थे. फैंस को भी लग रहा था कि कोच्चि जैसी नई टीम के लिए इतने रन बनाना मुश्किल होगा. लेकिन मुंबई इंडियंस के फैन को यह नहीं पता था कि दुनिया का धाकड़ बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम का बल्ला आज बोलने वाला है.
ब्रैंडन मैकुलम ने ठोके थे 81 रन
इसके बाद जो हुआ, उसने सभी को चौंका दिया. कोच्चि टस्कर्स केरल की ओर से ब्रेंडन मैकुलम और महेला जयवर्धने ने मुंबई के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. मैकुलम ने 60 गेंदों में 81 रन बनाए, जबकि जयवर्धने ने सिर्फ 36 गेंदों में 56 रन ठोक दिए. दोनों ने पहले विकेट के लिए 128 रन जोड़कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. मुंबई इंडियंस को लसिथ मलिंगा ने कुछ राहत जरूर दिलाई. उन्होंने मैकुलम और जयवर्धने दोनों को आउट किया, लेकिन तब तक मैच मुंबई के हाथ से निकल चुका था.
सचिन के शतक पर फिरा पानी
इसके बाद रवींद्र जडेजा ने 11 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाकर मुकाबला खत्म कर दिया. कोच्चि टस्कर्स केरल ने 19 ओवर में 184 रन बनाकर 8 विकेट से जीत हासिल की. इस तरह सचिन तेंदुलकर का पहला टी20 शतक जीत नहीं दिला सका और ब्रेंडन मैकुलम ने उनकी यादगार पारी को फीका कर दिया. कोच्चि टस्कर्स को जीत के लिए 2 प्वाइंट मिले थे.