Minor Girl Murder Case: आंध्र प्रदेश से एक ऐसी खबर सामने आ रही है. जो आपको हैरान कर देगी. दरअसल, पूरा मामला यह है कि जब एक 16 साल की लड़की ने शादी का प्रस्ताव ठुकरा दिया तो सिरफिरे आशिक ने उसकी हत्या कर दी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कडप्पा के खाजीपेट मंडल के अग्रहारम गांव में वेंकटेश नाम के एक 19 साल के युवक ने एकतरफा प्यार में एक 16 साल की नाबालिग लड़की की गला रेतकर हत्या कर दी.
बताया जा रहा है कि लड़की ने उसकी शादी के प्रस्ताव को साफ तौर पर ठुकरा दिया था, जिसके बाद आरोपी ने इस भयानक अपराध को अंजाम दिया. इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश व्याप्त है. लोग इंसाफ की मांग करते हुए सड़कों पर उतर आए.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, आरोपी वेंकटेश अंजनय्या कोटला गांव का रहने वाला है और वह काफी समय से लड़की को परेशान कर रहा था. वह लगातार उस पर शादी करने का दबाव डाल रहा था, लेकिन लड़की ने साफ़ कह दिया था कि वह सिर्फ़ अपने माता-पिता की मर्ज़ी से ही शादी करेगी. इसके बावजूद, आरोपी अपनी हरकतों से बाज़ नहीं आया और आखिरकार उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दे दिया.
घर में घुसकर रेत दिया गला
यह पूरी घटना शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है. उस समय लड़की घर पर अकेली थी, क्योंकि उसके माता-पिता बाहर गए हुए थे. इसी दौरान वेंकटेश जबरदस्ती घर में घुस गया और शादी के मुद्दे पर लड़की से बहस करने लगा. जैसे-जैसे बहस बढ़ी, उसने अपने पास रखे चाकू को निकाल लिया और लड़की का गला काट दिया. उसकी चीखें सुनकर पड़ोसी घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब चक बहुत देर हो चुकी थी.
पुलिस ने आरोप को किया गिरफ्तार
गंभीर रूप से घायल लड़की को तुरंत एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और उसे कडप्पा के राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ (RIMS) में शिफ़्ट करने की तैयारी चल रही थी. हालांकि, ज्यादा खून बह जाने के कारण उसने दम तोड़ दिया. पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को उस समय गिरफ़्तार कर लिया जब वह भागने की कोशिश कर रहा था. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया.