पुलिस ने गुरुवार को बताया कि ओडिशा के नबरंगपुर जिले के रायघर ब्लॉक के तलनपाड़ा के पास एक जंगल में 29 सितंबर को एक 80 वर्षीय दृष्टिहीन महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया.
आरोपी, 35 वर्षीय पिलाराम गौड़ा को बुधवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. बताया जाता है कि दो स्थानीय युवकों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और ग्रामीणों को सूचना दी.
बेटी के घर से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, महिला पास के एक गांव में अपनी बेटी से मिलने के बाद घर लौट रही थी, तभी गौड़ा ने कथित तौर पर उसे रोक लिया. बताया जाता है कि उसने उसे घसीटकर एक सुनसान जंगल में ले जाकर उसके साथ यौन उत्पीड़न किया. बुजुर्ग महिला मदद के लिए चिल्ला रही थी तब दो युवकों ने उनकी आवाज सुनी जो उस इलाके से गुजर रहे थे. वे तुरंत मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर गौड़ा को रंगे हाथों पकड़ लिया. युवकों ने उसे काबू में कर एक पेड़ से बांध दिया और ग्रामीणों को सूचना दी.
पुलिस कर रही जांच
खबरों के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद रायघर के पुलिस कांस्टेबल तपन साहू के नेतृत्व में एक पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. महिला को इलाज के लिए रायघर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
उमरकोट एसडीपीओ सुभेंदु कुमार साबर ने बताया कि गौड़ा रायघर ब्लॉक के एक गांव का रहने वाला है. ओडिशा पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि एक्सपर्ट की एक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और सबूत जुटाए.
महिला समूहों ने किया विरोध प्रदर्शन, सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए, जिसमें स्थानीय महिला संगठनों की सदस्य रायघर पुलिस स्टेशन पहुंच गईं. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और बुजुर्ग महिला के लिए न्याय की मांग की. खबरों के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि पीड़िता के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोपी और महिला दोनों की चिकित्सा जांच कराई गई है.